हाता में निर्माणाधीन बस स्टैंड-मार्केट कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण, गुणवत्ता पर सख्त हुए विधायक
4.50 करोड़ की योजना में खामियां पकड़ीं; समयबद्ध और मानक के अनुरूप कार्य पूरा करने के निर्देश
पोटका: क्षेत्र में विकास योजनाओं की निगरानी को लेकर पोटका के विधायक संजीव सरदार लगातार सक्रिय हैं। इसी क्रम में उन्होंने हाता बिरसा चौक स्थित झारखंड सरकार के पंचायती राज विभाग से 4.50 करोड़ की लागत से बन रहे बस स्टैंड सह मार्केट कॉम्प्लेक्स का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण कार्य का बारीकी से जायजा लिया और कार्यस्थल पर मौजूद संवेदक हरि ओम कंस्ट्रक्शन के मुंशी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निर्माण में खामियां उजागर, सुधार के सख्त निर्देश
निरीक्षण में पाया गया कि परियोजना के तहत कुल 40 दुकानों का निर्माण लगभग अंतिम चरण में है और शटर लगाए जा रहे हैं, लेकिन कई स्थानों पर शटर गलत तरीके से लगाए जा रहे थे। इस पर विधायक ने तत्काल सुधार का निर्देश दिया। वहीं छत के कुछ हिस्सों में पानी जमा होने की समस्या भी सामने आई, जिसे ठीक करने के लिए कहा गया। विधायक ने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में कार्य की गुणवत्ता से समझौता नहीं होगा और समय पर कार्य पूरा करना अनिवार्य है।
काम में लापरवाही नहीं, गुणवत्ता और समय सीमा सर्वोपरि — विधायक का सख्त संदेश
निरीक्षण के उपरांत विधायक संजीव सरदार ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य और विकास योजनाओं को बेहतर बनाना है। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का लगातार निरीक्षण किया जाएगा और जहां भी कमी मिलेगी, वहां सुधार के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि निर्देशों के बावजूद सुधार नहीं होने पर संबंधित एजेंसियों और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।





