आज दिनांक 22.04.2026 को मंडल राजभाषा कार्यान्वयन समिति, चक्रधरपुर की तिमाही बैठक मंडल रेल प्रबंधक महोदय की अध्यक्षता में मंडल रेल प्रबंधक महोदय के सभाकक्ष में आयोजित की गई। मंडल में जनवरी-मार्च, 2026 तिमाही के दौरान राजभाषा हिंदी में हुई प्रगति की विभागवार समीक्षा की गई एवं भविष्य में किए जाने वाले कार्यों को रेखांकित किया गया। हिंदी में प्रशंसनीय कार्य के लिए इस मंडल के अधिकारी श्री नील माधव दाश, वरिष्ठ मंडल सिगनल एवं दूर संचार इंजीनियर तथा कर्मचारी श्री देवाशीष साहू, मंडल यातायात निरीक्षक, चक्रधरपुर को रेलवे बोर्ड द्वारा व्यक्तिगत नकद पुरस्कार योजना के अंतर्गत पुरस्कृत किया गया था, आज बैठक में मंडल रेल प्रबंधक महोदय द्वारा उन्हें प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। राजभाषा हिंदी में इस तिमाही के दौरान सराहनीय कार्य करने के लिए कार्मिक विभाग के अधीनस्थ राजपत्रित अनुभाग को राजभाषा रनिंग ट्रॉफी प्रदान किया गया। इसके साथ ही मंडल में रेल संरक्षा’ विषय पर आयोजित कविता प्रतियोगिता के विजेताओं श्री शेखर कुमार, श्री मुकेश कुमार सिंह एवं श्री कौशल कुमार झा को नकद पुरस्कार, पुस्तक एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। मंडल रेल प्रबंधक महोदय ने निर्देश दिया कि मंडल में राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार के लिए कवि सम्मेलन, विभिन्न विभागों में हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता एवं अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। बैठक में मंडल रेल प्रबंधक, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन), मुख्य चिकित्सा अधीक्षक, मुख्य परियोजना प्रबंधक (गतिशक्ति) तथा शाखा अधिकारीगण उपस्थित थे। बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल विद्युत इंजीनियर (सामान्य) एवं राजभाषा अधिकारी तथा धन्यवाद ज्ञापन वरिष्ठ अनुवादक द्वारा किया गया।







