असम विधानसभा चुनाव 2026 का प्रचार मंगलवार 7 अप्रैल 2026 की शाम को थम गया. जानकारी के मुताबिक राज्य की सभी 126 विधानसभा सीटों पर वोटिंग गुरुवार 9 अप्रैल को होगी. इस सिलसिले में चुनाव आयोग (Election Commission) स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से वोटिंग कराने के लिए पूरी तरह से तैयार है. बता दें, मतगणना सोमवार 4 मई 2026 को होगी.
असम के विधानसभा चुनाव 2026 में इस बार 722 उम्मीदवार मैदान में हैं, और कुल 2,50,54,463 वोटर अपनी अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. इसमें 1,25,31,552 पुरुष वोटर, 1,25,22,593 महिला वोटर और ट्रांसजेंडर कैटेगरी के 318 वोटर्स शामिल हैं. इसके अलावा 63,423 सर्विस वोटर भी हैं. मतदाताओं में से 6,42,314 वोटर्स 18-19 साल के हैं, 2,50,006 वोटर्स 80 साल से ज्यादा उम्र के हैं, और 2,05,085 दिव्यांग हैं.
चुनाव आयोग के मुताबिक, असम के चीफ इलेक्टोरल ऑफिसर अनुराग गोयल के नेतृत्व में सभी कर्मचारी चुनावी मैदान में डटे हैं. वहीं, कानून-व्यवस्था और चुनाव के खर्च समेत सभी पहलुओं पर कड़ी नजर रखने के लिए, आयोग ने पहले ही केंद्रीय पर्यवेश्रकों को तैनात कर दिया है. इसके अलावा, सिस्टेमैटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्टोरल पार्टिसिपेशन (SVEEP) प्रोग्राम के तहत, पूरे राज्य में वोटरों की ज्यादा भागीदारी को बढ़ावा देने के लिए बड़े पैमाने पर जागरूकता अभियान भी चलाए गए हैं.







