आर.एम.एस. हाई स्कूल, खुटाडीह का सिल्वर जुबली वर्ष, 5 अप्रैल को भव्य गाला समारोह
25 वर्षों की शैक्षणिक यात्रा पूरी, प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपलब्धियों और समारोह की रूपरेखा साझा
जमशेदपुर. सोनारी स्थित आर.एम.एस. हाई स्कूल, खुटाडीह अपने 25 वर्षों की गौरवपूर्ण शैक्षणिक यात्रा (सिल्वर जुबली) मना रहा है. इस अवसर पर शुक्रवार को विद्यालय परिसर में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर प्रबंधन ने संस्थान की उपलब्धियों और आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में अध्यक्ष संजय केडिया, उपाध्यक्ष मनीष जैन एवं कुमुद अग्रवाला, सचिव सुशील अग्रवाल, ट्रेज़र संजीव बधान, सौरभ चौधरी, सहायक सचिव वंदना जैन, ट्रस्टी अगिवाल, सुविनिर टीम के मनोज हारनाथका तथा प्रधानाचार्या डॉ. परिणीता शुक्ला मौजूद रहीं.
विद्यालय की स्थापना वर्ष 2001 में टाटा स्टील द्वारा राजस्थान मैत्री संघ को हस्तांतरण के बाद स्वर्गीय डी.पी. खारिया के नेतृत्व में की गई थी. शुरुआत महज 37 विद्यार्थियों और कक्षा पांच तक के हिंदी माध्यम विद्यालय के रूप में हुई थी. आज यह संस्थान सी.बी.एस.ई. से संबद्ध 10+2 अंग्रेज़ी माध्यम विद्यालय के रूप में विकसित हो चुका है, जिसमें 1,394 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं.
विद्यालय में आधुनिक शैक्षणिक सुविधाओं के साथ विद्यार्थियों के समग्र विकास पर विशेष ध्यान दिया जाता है. यहां के छात्र-छात्राएं शिक्षा के साथ-साथ खेल और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहे हैं. कई विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है, वहीं कुछ का चयन आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में भी हुआ है.
प्रबंधन ने बताया कि वर्ष 2016 में विद्यालय को कक्षा 10वीं के लिए सी.बी.एस.ई. की मान्यता प्राप्त हुई थी. शिक्षा के साथ खेलकूद को भी बराबर महत्व दिया जाता है.
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिल्वर जुबली गाला समारोह की घोषणा करते हुए बताया गया कि 5 अप्रैल 2026 को शाम 6 बजे एक्स.एल.आर.आई. ऑडिटोरियम में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा. इसमें मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. सुनीता मुखर्जी तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में सौरभ तिवारी उपस्थित रहेंगे.
समारोह में करीब 210 विद्यार्थी रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे. विद्यालय की 25 वर्षों की यह यात्रा समर्पण, गुणवत्ता और निरंतर प्रगति का प्रतीक रही है, जो आगे भी इसी दिशा में जारी रहेगी.






