हजारीबागः रामनवमी के लिए जिले में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की जा रही है. पुलिस ने इसके लिए एक सुरक्षा कवच तैयार किया है. एक सप्ताह के भीतर हजारीबाग जिला प्रशासन ने सातवीं बार फ्लैग मार्च कर लोगों को यह संदेश दिया है कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. आम जनता निर्भीक होकर पर्व मनाए और कानून का पालन करे.
हजारीबाग में राम नवमी का त्योहार बहुत खास होता है और जब सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रहती है तो पर्व की सुंदरता और भी अधिक बढ़ जाती है. हजारीबाग की रामनवमी ऐतिहासिक है. इस पर्व में लाखों राम भक्त सड़कों पर उतरते हैं. जिसमें प्रशासन सुरक्षा के कड़े इंतजाम करता है.
हजारीबाग सदर एसडीओ आदित्य पांडे ने कहा कि यह फ्लैग मार्च का एकमात्र उद्देश्य है कि लोगों को संदेश देना और असामाजिक लोगों को चेतावनी देना कि अगर उपद्रव किया तो खैर नहीं है. उन्होंने कहा कि रामनवमी को लेकर चाक चौबंद व्यवस्था की जा रही है. हर एक चौक चौराहे पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया जा रहा है. जुलूस के साथ पुलिस बल भी मौजूद रहेगा. उन्होंने कहा कि रामभक्त उत्साह उमंग के साथ रामनवमी पर्व मनाए और कानून का पालन भी करें.





