वंदे भारत एक्सप्रेस में भोजन गुणवत्ता पर बड़ी कार्रवाई, IRCTC पर ₹10 लाख जुर्माना, सर्विस प्रोवाइडर का कॉन्ट्रैक्ट रद्द

वंदे भारत एक्सप्रेस में भोजन गुणवत्ता पर बड़ी कार्रवाई, IRCTC पर ₹10 लाख जुर्माना, सर्विस प्रोवाइडर का कॉन्ट्रैक्ट रद्द

नई दिल्ली/पटना: Ministry of Railways ने यात्रियों की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए बड़ा कदम उठाया है। 15 मार्च 2026 को ट्रेन संख्या 21896 (पटना–टाटानगर वंदे भारत एक्सप्रेस) में भोजन की गुणवत्ता को लेकर एक यात्री द्वारा की गई शिकायत के बाद जांच कराई गई, जिसमें अनियमितताएं पाई गईं।
मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी के अनुसार, मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए IRCTC पर ₹10 लाख का जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही संबंधित कैटरिंग सर्विस प्रोवाइडर पर ₹50 लाख का भारी जुर्माना ठोका गया है और उसका कॉन्ट्रैक्ट तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के आदेश दिए गए हैं।
रेल मंत्रालय ने स्पष्ट किया कि यात्रियों को बेहतर और सुरक्षित सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस घटना को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि भविष्य में ऐसी लापरवाही दोबारा न हो, इसके लिए सख्त निगरानी और गुणवत्ता जांच की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
बताया जा रहा है कि संबंधित ट्रेन में परोसे गए भोजन की गुणवत्ता मानकों के अनुरूप नहीं थी, जिसके कारण यात्री ने शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के बाद रेलवे और IRCTC की टीम ने जांच की, जिसमें खाद्य सामग्री की गुणवत्ता और सेवा में कमी पाई गई।
रेल मंत्रालय ने यह भी कहा कि रेलवे में खानपान सेवाओं को लेकर “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाई जा रही है। यदि किसी भी स्तर पर लापरवाही पाई जाती है तो जिम्मेदार एजेंसियों और ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई के बाद रेलवे प्रशासन ने सभी जोनों को अलर्ट जारी कर दिया है, ताकि वंदे भारत समेत सभी ट्रेनों में यात्रियों को दी जाने वाली सुविधाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जा सके। अधिकारियों को विशेष रूप से खानपान सेवाओं की गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं।
यात्रियों से भी अपील की गई है कि यदि उन्हें यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या शिकायत हो, तो वे तुरंत रेलवे के आधिकारिक प्लेटफॉर्म पर इसकी जानकारी दें, ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके।
रेल मंत्रालय के इस सख्त रुख को यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के प्रति प्रतिबद्धता के रूप में देखा जा रहा है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई