गैस किल्लत और बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, नाली से पाइप जोड़कर जताया विरोध
जमशेदपुर। पूर्वी सिंहभूम जिला कांग्रेस कमिटी के तत्वावधान में रसोई गैस की किल्लत एवं लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में उपायुक्त कार्यालय के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया गया। यह प्रदर्शन अपने अनोखे अंदाज के कारण खासा चर्चा में रहा, जहां प्रदर्शनकारियों ने नाली से गैस पाइप जोड़कर प्रतीकात्मक तरीके से अपना विरोध दर्ज कराया।
इस प्रदर्शन में जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए। कार्यक्रम का नेतृत्व जिलाध्यक्ष परविंदर सिंह ने किया। उन्होंने केंद्र की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि गलत नीतियों के कारण आज आम जनता को गैस सिलेंडर जैसी बुनियादी जरूरत के लिए भी संघर्ष करना पड़ रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि एक ओर रसोई गैस की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है, वहीं दूसरी ओर समय पर सिलेंडर की उपलब्धता नहीं होने से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं से पूरी तरह बेखबर है और महंगाई पर कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और गैस की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा कीमतों में कमी करने की मांग की। वक्ताओं ने कहा कि महंगाई ने आम आदमी की कमर तोड़ दी है और रसोई का बजट पूरी तरह बिगड़ चुका है।
कार्यक्रम के अंत में कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो पार्टी और उग्र आंदोलन करने को बाध्य होगी।





