जमशेदपुर में श्री श्री बजरंग विजय मंदिर द्वारा भव्य रामनवमी महोत्सव 2026 का आयोजन

जमशेदपुर में श्री श्री बजरंग विजय मंदिर द्वारा भव्य रामनवमी महोत्सव 2026 का आयोजन
जमशेदपुर : भालूबासा स्थित श्री श्री बजरंग विजय मंदिर, जम्बू अखाड़ा द्वारा इस वर्ष भी पारंपरिक उत्साह और धार्मिक आस्था के साथ भव्य रामनवमी महोत्सव 2026 का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन रामनवमी के पावन अवसर पर 19 मार्च से शुरू होकर 28 मार्च 2026 तक चलेगा।
समिति के अनुसार, महोत्सव का शुभारंभ 19 मार्च को श्री हरि राम नाम संकीर्तन से होगा, जो लगातार 48 घंटे (21 मार्च तक) चलेगा। इसमें झारखंड और बंगाल की विभिन्न कीर्तन मंडलियां भाग लेंगी। इसके बाद 22 एवं 23 मार्च को 36 घंटे का अखंड रामायण पाठ आयोजित किया जाएगा।
24 मार्च (षष्ठी तिथि) को शाम 5 बजे भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा जम्बू अखाड़ा, भालूबासा से शुरू होकर गांधी घाट, मानगो तक जाएगी, जहां पवित्र जल भरने के बाद साकची गोलचक्कर होते हुए विजय हनुमान मंदिर लौटेगी। यात्रा में डंका, ताशा, सिंह बाजा और ढाकी की गूंज के साथ आकर्षक झांकियां प्रस्तुत की जाएंगी। इसमें पंचमुखी हनुमान, तिरुपति बालाजी और द्वारकाधीश की जीवंत झांकियां मुख्य आकर्षण होंगी। साथ ही हरियाणा के अमित एंड ग्रुप द्वारा विशेष नृत्य प्रस्तुति दी जाएगी।
25 से 27 मार्च तक महासप्तमी, महाअष्टमी और रामनवमी के अवसर पर हनुमान जी की पूजा, ध्वजा एवं शस्त्र पूजन के साथ अखाड़ा के खिलाड़ियों द्वारा करतबबाजी प्रस्तुत की जाएगी। इस दौरान विभिन्न कलाकारों द्वारा भजन संध्या भी आयोजित होगी।
महोत्सव का समापन 28 मार्च को भव्य विसर्जन शोभा यात्रा के साथ होगा। इस शोभा यात्रा में रामगढ़ की डंका-ताशा पार्टी, ढाकी बाजा, संबलपुरी दुलदुली सिंह बाजा तथा अखाड़ा प्रदर्शन शामिल होंगे। साथ ही विभिन्न प्रेरणादायक झांकियां जैसे श्रवण कुमार, निताई-गौड़, महाराणा प्रताप और छत्रपति शिवाजी महाराज को दर्शाया जाएगा। भगवान बुद्ध के वैश्विक शांति संदेश पर आधारित झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रहेगी।
आयोजन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे तथा अग्निशमन यंत्र भी उपलब्ध रहेंगे। प्रतिदिन भोग-प्रसाद एवं शीतल जल की व्यवस्था की जाएगी।
जम्बू अखाड़ा समिति ने शहरवासियों, श्रद्धालुओं एवं धर्मप्रेमियों से इस भव्य आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। संवाददाता सम्मेलन में समिति के संरक्षक बंटी सिंह सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

नई दिल्ली। झारखंड की राष्ट्रीय राजमार्ग एवं सड़क अवसंरचना परियोजनाओं को गति देने के उद्देश्य से पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के सरकारी आवास पर शिष्टाचार भेंट की।