उल्लास कार्यक्रम के तहत पोटका में 29 केंद्रों पर साक्षरता परीक्षा आयोजित, हल्दीपोखर मुखिया ने लिया एक साल में पंचायत को पूर्ण साक्षर बनाने का संकल्प

उल्लास कार्यक्रम के तहत पोटका में 29 केंद्रों पर साक्षरता परीक्षा आयोजित, हल्दीपोखर मुखिया ने लिया एक साल में पंचायत को पूर्ण साक्षर बनाने का संकल्प

पोटका : नवभारत साक्षरता शिक्षा मिशन, भारत सरकार द्वारा चलाए जा रहे उल्लास कार्यक्रम के तहत पोटका प्रखंड में असाक्षर महिलाओं और पुरुषों को साक्षर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई। इसके तहत प्रखंड के 29 केंद्रों में कुल 284 विद्यालयों के पोषक क्षेत्र में रहने वाले 15 वर्ष से अधिक आयु के असाक्षर महिला-पुरुषों को शिक्षित किया गया।
इन सभी को दसवीं पास या उससे अधिक शिक्षित सेवानिवृत्त शिक्षकों और समाजसेवियों द्वारा पिछले छह महीनों से पढ़ाया जा रहा था। उनकी साक्षरता का आकलन करने के लिए सभी केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। इस अवसर पर परीक्षा केंद्रों को सजाया गया तथा परीक्षार्थियों का फूलों के गुलदस्ते से स्वागत कर उत्साहवर्धन किया गया।
इस दौरान सीआरसी बबलू महतो ने बताया कि छह माह तक असाक्षर महिलाओं और पुरुषों को पढ़ाने के बाद उनकी साक्षरता की जांच के लिए आज पोटका के 29 केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य है कि असाक्षर लोग अपने दैनिक कार्यों के साथ-साथ बैंकिंग से जुड़े काम भी स्वयं समझ सकें और अपनी दिनचर्या का हिसाब खुद रख सकें।
वहीं सीआरसी की अध्यक्ष सह मुखिया देवी कुमारी भूमिज ने कहा कि अपने कार्यकाल में उन्होंने ड्रॉपआउट बच्चों को पुनः विद्यालय से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने बताया कि उनका प्रयास है कि एक वर्ष के भीतर पंचायत क्षेत्र के सभी असाक्षर महिला-पुरुषों को साक्षर बनाया जाए। इसके लिए वे स्वयं सप्ताह में एक दिन कक्षा लेकर लोगों को पढ़ाने का कार्य करेंगी, ताकि उनका पंचायत पूर्ण रूप से साक्षर बन सके।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई