आदित्यपुर में दिनदहाड़े फायरिंग, दुकानदार को बनाया निशाना, बाल-बाल बची जान
आदित्यपुर : आदित्यपुर थाना क्षेत्र में अपराधियों के हौसले एक बार फिर बुलंद नजर आए। शनिवार दोपहर करीब 1:45 बजे चुना भट्टा मुख्य सड़क स्थित संजय इलेक्ट्रॉनिक की दुकान पर बाइक सवार दो अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के समय दुकान में रवि मौजूद था, जिसे निशाना बनाकर अपराधियों ने चार राउंड गोलियां चलाईं। हालांकि रवि बाल-बाल बच गया और किसी तरह दुकान के अंदर छिपकर अपनी जान बचाई।
घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना प्रभारी विनोद टिक्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से चार खोखे बरामद हुए, जिनमें से एक खोखा दुकान के अंदर से मिला। दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग से इलाके में दहशत का माहौल बन गया।
दुकानदार संजय कुमार के अनुसार यह घटना पुरानी रंजिश का नतीजा है। उन्होंने बताया कि आदित्यपुर-2 निवासी ऋषि ने शुक्रवार रात उन्हें फोन कर जान से मारने की धमकी दी थी। बताया गया कि विवाद की शुरुआत 19 दिसंबर को इन्वर्टर बनाने को लेकर हुई थी। इसी विवाद के चलते 9 मार्च को हरिओम नगर में ऋषि, अमन और सानू ने संजय कुमार के पुत्र पर हमला भी किया था, जिसकी शिकायत पहले ही थाने में दर्ज कराई जा चुकी है।
संजय कुमार ने यह भी बताया कि जब वे पुलिस से कार्रवाई की मांग को लेकर थाने पहुंचे हुए थे, उसी दौरान पीछे से अपराधियों ने उनकी दुकान पर फायरिंग कर दी। थाना प्रभारी विनोद टिक्की ने बताया कि मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। पुलिस पहले से दर्ज मारपीट के मामले की जांच कर रही थी और अब फायरिंग की घटना को भी गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि हमलावरों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से स्थानीय व्यापारियों और आम लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।





