छोटा गोविंदपुर स्थित एसबीआई शाखा में लगी आग, जिला परिषद सदस्य की तत्परता से टला बड़ा हादसा
जमशेदपुर:छोटा गोविंदपुर स्थित स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की शाखा में मंगलवार की रात करीब 8:30 बजे अचानक आग लग गई। घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई।
आग की सूचना मिलते ही स्थानीय जिला परिषद सदस्य तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विद्युत विभाग के एचडीओ (HDO) से संपर्क कर तत्काल बिजली आपूर्ति बंद कराई। साथ ही उन्होंने संबंधित थाना पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को घटना की जानकारी दी।
स्थानीय लोगों के सहयोग से आग बुझाने का प्रयास शुरू किया गया। बाद में दमकल विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और आग पर नियंत्रण पाया गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की पुष्टि प्रशासनिक जांच के बाद ही हो सकेगी। आग से बैंक परिसर में रखे कुछ दस्तावेजों एवं उपकरणों को आंशिक क्षति पहुंचने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय नागरिकों ने जिला परिषद सदस्य की तत्परता की सराहना करते हुए कहा कि समय पर बिजली आपूर्ति बंद नहीं की जाती तो एक बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है और प्रशासन द्वारा मामले की जांच जारी है।






