छोटा गोविंदपुर स्थित एसबीआई शाखा में लगी आग, मची अफरा-तफरी, दमकल ने पाया काबू

छोटा गोविंदपुर स्थित एसबीआई शाखा में लगी आग, मची अफरा-तफरी, दमकल ने पाया काबू

जमशेदपुर :छोटा गोविंदपुर स्थित चांदनी चौक के समीप मौजूद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) की शाखा में बुधवार शाम अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। बैंक परिसर से धुआं निकलता देख आसपास के दुकानदारों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।
घटना की सूचना मिलते ही टाटा मोटर्स फायर ब्रिगेड की टीम एवं झारखंड अग्निशमन विभाग की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। देर शाम तक राहत एवं बचाव कार्य जारी रहा और आग को पूरी तरह नियंत्रित कर लिया गया।
एहतियातन बैंक के आसपास स्थित दुकानों को खाली करा लिया गया तथा पूरे क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया गया, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो सके। मौके पर पुलिस और प्रशासन की टीम भी तैनात रही और स्थिति पर लगातार नजर रखी गई।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। हालांकि शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन और दमकल विभाग की तत्परता की सराहना की, जिससे बड़ा हादसा टल गया। फिलहाल बैंक शाखा को अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई