जमशेदपुर में फाउंडर्स डे पर जे.एन. टाटा को भावभीनी श्रद्धांजलि, नोएल टाटा और एन. चंद्रशेखरन रहे मौजूद
जमशेदपुर।
फाउंडर्स डे के अवसर पर औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में टाटा समूह के संस्थापक जमशेदजी नसरवानजी टाटा को श्रद्धा और सम्मान के साथ भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर आयोजित मुख्य कार्यक्रम में टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा अपने परिवार के सदस्यों के साथ उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन सहित टाटा समूह के कई वरिष्ठ अधिकारी भी शामिल हुए और संस्थापक को श्रद्धांजलि दी।
फाउंडर्स डे के मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि आने वाले समय में टाटा समूह और भी तेज़ गति से आगे बढ़ेगा। उन्होंने बताया कि नई नीतियों के तहत कई नए प्रोजेक्ट और प्लांट शुरू किए जा रहे हैं, जिससे समूह की ग्रोथ को नई रफ्तार मिलेगी।
उन्होंने टाटा मोटर्स समेत टाटा समूह के विभिन्न संस्थानों के विस्तार की योजनाओं पर भी चर्चा की।
अंतरराष्ट्रीय हालात पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि मिडिल ईस्ट में जारी तनाव का टाटा समूह पर सीमित असर पड़ेगा। यदि किसी तरह का प्रभाव पड़ता भी है, तो उससे निपटने में टाटा समूह पूरी तरह सक्षम है।
एयरलाइंस को लेकर उन्होंने स्पष्ट किया कि एयर इंडिया के सभी कर्मचारी पूरी तरह सुरक्षित हैं और आवश्यकता पड़ने पर टाटा समूह देश के साथ कदम से कदम मिलाकर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेगा।
फाउंडर्स डे समारोह में शहरभर में उत्साह और गौरव का माहौल देखने को मिला। श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ-साथ सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विभिन्न आयोजनों के माध्यम से जमशेदपुरवासियों ने अपने संस्थापक को नमन किया।






