आज दिनांक 28 फरवरी 2026 को जमशेदपुर में एक प्रेरणादायक और सराहनीय पहल देखने को मिली। हमारे साथी पत्रकार अविनाश कुमार शर्मा ने अपनी न्यूज़ चैनल टीम न्यूज़ टाइम झारखंड के सहयोग से समाज के लिए एक अनुकरणीय कार्य किया। उन्होंने पिछले दो महीनों से एकत्र की गई लगभग 500 किलो किताबें, जिनकी संख्या करीब 4000 बताई जा रही है, को आज डीएम लाइब्रेरी में दान किया।
अविनाश कुमार शर्मा ने बताया कि इन पुस्तकों में कक्षा 1 से 12वीं तक की शैक्षणिक किताबें शामिल हैं। इसके साथ ही कॉम्पिटेटिव एग्जाम, फिक्शनल स्टोरी, बैंकिंग, रेलवे, आर्मी और प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी से जुड़ी महत्वपूर्ण पुस्तकें भी इस संग्रह का हिस्सा हैं। यह किताबें छात्रों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए बेहद उपयोगी साबित होंगी।
उन्होंने कहा कि इस कार्य को करते हुए उन्हें आत्मिक संतोष मिला है। उनके अनुसार, पत्रकारिता केवल खबरों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति जिम्मेदारी निभाना भी उतना ही जरूरी है। इस पुस्तक दान अभियान से यह संदेश मिलता है कि अगर इच्छा और टीमवर्क हो, तो समाज में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।






