राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू झारखंड दौरे पर पहुंची, राज्यपाल-मुख्यमंत्री ने किया स्वागत, जमशेदपुर में जगन्नाथ मंदिर के भूमि पूजन में होंगी शामिल
रांची : राष्ट्रपति द्रौपर्दी मुर्मू झारखंड दौरे पर रांची पहुंची। बिरसा मुंडा एयरपोर्ट पर राज्यपाल संतोष गंगवार और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। उनकी सुरक्षा के लिए रांची-जमशेदपुर मार्ग पर छह आईपीएस समेत पांच कंपनी फोर्स की तैनाती की गई है। रास्ते में जैप, रैप, आईआरबी, जगुआर और सीआरपीएफ की पांच कंपनियां समेत जिला पुलिस बल तैनात की गई है। वहीं एयरपोर्ट से राजभवन तक फोर्स की तैनाती हुई है। राजधानी में उनकी सुरक्षा के लिए 15 डीएसपी, 50 इंस्पेक्टर और 100 से अधिक दरोगा की तैनाती की गई है। सूत्रों की मानें, तो राष्ट्रपति का रांची एयरपोर्ट से हवाई मार्ग से ही जमशेदपुर जाने की संभावना है, लेकिन एहतियात के तौर पर सड़क मार्ग पर भी सुरक्षा के बंदोबस्त किये गये हैं। राष्ट्रपति की सुरक्षा में सेना के जवान भी तैनात रहेंगे। इसके अलावा सादे लिबास में स्पेशल ब्रांच के खुफिया सुरक्षा बल की भी तैनाती की गई है। नो फ्लाइंग जोन को छोड़ रूट लाइन में ड्रोन कैमरा से भी निगरानी रखी जायेगी।






