राँची। आरपीएफ ने हटिया रेलवे स्टेशन से दो किशोरों को रेस्क्यू किया है आरपीएफ राँची के कमांडेंट पवन कुमार के निर्देश पर चल रहे ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते के तहत यह कार्रवाई की गई।
मंगलवार को आरपीएफ पोस्ट हटिया के जवान प्लेटफार्म संख्या एक के मुख्य द्वार के पास खड़े थे। तभी दो किशोर संदिग्ध अवस्था में घूमते नजर आए। दोनों को बुलाया गया। संदेह होने पर उनसे पूछताछ भी की गई।
पूछताछ में दोनों ने अपना नाम बताया। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वह चतरा के जोलडीहा गांव के रहने वाले हैं। दोनों ने बताया कि वह घर से भाग कर आए हैं। पिता ने उन्हें डांट दिया था। इस पर वह हटिया स्टेशन से सामान्य टिकट लेकर बेंगलुरु जाने की योजना बना रहे थे।
दोनों का कहना था कि वह बेंगलुरु जाकर वहां काम करेंगे। पुलिस ने दोनों बच्चों को चाइल्ड लाइन के सिपुर्द कर दिया है। चाइल्ड लाइन आगे की कानूनी कार्रवाई में जुट गई है। बताया जा रहा है कि दोनों को उनके परिजनों तक पहुंचाया जाएगा।






