गिरिडीह नगर निकाय चुनाव के बाद गोलीकांड मामला: शिवम श्रीवास्तव समेत पांच गिरफ्तार

गिरिडीह नगर निकाय चुनाव के बाद गोलीकांड मामला: शिवम श्रीवास्तव समेत पांच गिरफ्तार

गिरिडीह गिरिडीह नगर निकाय चुनाव के बाद हुई गोलीबारी की घटना में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पूर्व वार्ड पार्षद शिवम कुमार श्रीवास्तव उर्फ शिवम आज़ाद समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार अन्य आरोपियों में अमित विश्वकर्मा (नियर कांग्रेस ऑफिस, बक्सीडीह रोड), आकाश हाड़ी (झिंझरी मोहल्ला), मंजीत पासवान (भंडारीडीह, पचम्बा थाना क्षेत्र) और किशोर पासवान (आजाद नगर, पचम्बा थाना क्षेत्र) शामिल हैं।
जिला प्रशासन के अनुसार, डीसी रामनिवास यादव और एसपी डॉ. बिमल कुमार ने संयुक्त रूप से गिरफ्तारी की पुष्टि की है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 7.65 mm का एक देसी पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।

एसपी ने बताया कि शिवम श्रीवास्तव के खिलाफ नगर थाना में 10 और मुफ्फसिल थाना में 3 आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

घटना का विवरण
नगर निकाय चुनाव की शाम, मतदान समाप्ति के बाद वार्ड संख्या 18, बूथ संख्या 18/3 (उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय, आजाद नगर) में बैलेट बॉक्स एकत्रित करने के दौरान विवाद हुआ।

भीड़ में मारपीट और पत्थरबाजी के बीच किसी व्यक्ति ने पिस्टल से फायरिंग की, जिसमें दो लोग घायल हुए। मौके पर मौजूद लोगों ने आरोप लगाया कि गोली शिवम आज़ाद और उसके सहयोगियों ने चलाई।
इस संबंध में जोनल पेट्रोलिंग पदाधिकारी (सेक्टर-9) के आवेदन पर पचम्बा थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं, घायल मो. शमीम और शेरू के संबंध में रबीना खातून के आवेदन पर दूसरी प्राथमिकी भी दर्ज की गई है।

एसआईटी की कार्रवाई
घटना की गंभीरता को देखते हुए सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष जांच दल (SIT) गठित की गई। टीम ने लगातार छापेमारी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

छापेमारी दल में डीएसपी मो. कौशर अली, डीएसपी नीरज कुमार सिंह, साइबर डीएसपी आबिद खान, एसडीपीओ डुमरी सुमित कुमार, एसडीपीओ सरिया-बगोदर धनंजय कुमार, डीएसपी कैलाश प्रसाद महतो, डीएसपी नीलम कुजूर, डीएसपी मन्टु कुमार, इंस्पेक्टर रतन कुमार सिंह, मुफ्फसिल थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो सहित कई थानों के अधिकारी एवं तकनीकी शाखा के कर्मी शामिल थे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई

समाहरणालय में आयोजित जन शिकायत निवारण दिवस में उप विकास आयुक्त ने नागरिकों की समस्याएं एवं सुझावों को सुना, प्राप्त आवेदनों पर समयबद्ध कार्रवाई हेतु संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को किया गया निर्देशित