दुमका: संथाल परगना मोटर मजदूर संघ के अध्यक्ष अरुण सिंह को बाइक सवार अपराधियों ने गोली मार दी है. गोली लगने से उसकी हालत गंभीर है. प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें आसनसोल रेफर कर दिया गया है. घटनास्थल पर एसपी पीतांबर सिंह खेरवार अपनी टीम
दरअसल, संथाल परगना मोटर मजदूर संघ के अध्यक्ष अरुण सिंह का घर दुमका नगर थाना क्षेत्र के गिलानपाड़ा मोहल्ले में है. वे अपनी घर से सुबह बाइक से बस पड़ाव जा रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार दो अपराधियों ने उनका पीछा किया और डीआईजी कार्यालय के सामने उन्हें गोली मार दी. गोली उनके पीठ में लगी. गोली लगने के बाद वे चिल्लाते हुए सड़क पर बाइक समेत गिर गए. अगल-बगल के लोग उनकी आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे. जबकि अपराधी घटना को अंजाम देने के बाद फरार हो गए.
मौके पर लोग अरुण सिंह को उठाकर फूलो झानो मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल इलाज के लिए ले गए. जहां उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए आसनसोल रेफर कर दिया. बता दें कि 2 साल पहले 21 अप्रैल 2024 को भी अरुण सिंह पर जानलेवा हमला हुआ था. उस वक्त गोली पिस्टल में फस जाने की वजह से वह बच गए थे. अरुण सिंह एक दैनिक अखबार की एजेंसी भी चलाते हैं.







