टाटानगर से कीताडीह मार्ग पर चला बुलडोजर, 24 से अधिक अवैध दुकानें हटाई गईं
जमशेदपुर :टाटानगर रेलवे स्टेशन से कीताडीह जाने वाले मुख्य मार्ग को गुरुवार को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की। पुलिस और रेल पथ निरीक्षक की निगरानी में आरपीएफ की टीम सुबह से बुलडोजर लेकर मौके पर पहुंची और अवैध रूप से बनी दुकानों व कब्जों को हटाना शुरू किया।
इस दौरान गोलपहाड़ी क्षेत्र सहित छोटे-बड़े करीब 24 से अधिक दुकानों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के समय बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
गौरतलब है कि इससे एक दिन पूर्व बुधवार को आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने माइकिंग कर दुकानदारों को हटने की सूचना दी थी। बावजूद इसके कई दुकानदारों ने दुकानें नहीं हटाईं, जिसके बाद गुरुवार को बुलडोजर कार्रवाई की गई।
रेलवे नहीं कर पाया वैकल्पिक व्यवस्था
22 जनवरी को हाईकोर्ट ने इस मामले में आदेश देते हुए स्टेशन चौक से कीताडीह जाने वाली सड़क किनारे वर्षों से बसे दुकानदारों को एक माह की मोहलत दी थी। साथ ही रेलवे को 42 दिनों के भीतर उन्हें रेलवे क्षेत्र में वैकल्पिक स्थान पर बसाने का निर्देश दिया गया था और समयसीमा के बाद रिपोर्ट दाखिल करने को कहा गया था।
मामले की अगली सुनवाई 20 मार्च को निर्धारित है। हालांकि अब तक रेलवे यह तय नहीं कर पाया है कि दुकानदारों को कहां पुनर्वासित किया जाएगा।
कार्रवाई के दौरान कई दुकानदारों ने नाराजगी जताई और कहा कि बिना वैकल्पिक व्यवस्था के दुकान तोड़ना उनके रोज़गार पर सीधा हमला है।
प्रशासन का कहना है कि यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई है और आगे भी अतिक्रमण हटाने का अभियान जारी रहेगा।






