सचिन तेंदुलकर ने राष्ट्रपति मुर्मू, पीएम मोदी और राहुल गांधी से की मुलाकात, बेटे अर्जुन की शादी का दिया न्योता

नई दिल्ली: पूर्व भारतीय क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर ने मंगलवार को राजधानी दिल्ली में कई बड़ी हस्तियों से मुलाकात करके बेटे अर्जुन तेंदुलकर की शादी का न्योता दिया. जिसमें राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का नाम शामिल है.

इस दौरान सचिन अपने परिवार और अपने बेटे की मंगेतर सानिया चंडोक के परिवार के साथ थे. सचिन ने इस मुलाकात की कुछ यादगार तस्वीरें सोशल मीडिया पर भी शेयर की है. सचिन ने राष्ट्रपति के साथ एक तस्वीर शेयर करते हुए एक्स पर लिखा, “पिछली फरवरी में, माननीय प्रेसिडेंट श्रीमती द्रौपदी मुर्मू जी ने प्रेसिडेंट भवन में हमारी मेजबानी की थी. जब हम आज प्रेसिडेंट से मिले और उन्हें अर्जुन और सानिया की शादी का न्योता दिया, तो हमने उन कुछ प्यारी यादों को ताजा कर लिया. माननीय प्रेसिडेंट, आपकी शुभकामनाओं के लिए धन्यवाद.’
प्रधानमंत्री के साथ मुलाकात की तस्वीर शेयर करते हुए भी सचिन ने लिखा, ‘हमें माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को अर्जुन और सानिया की शादी में न्योता देकर सम्मानित महसूस हो रहा है. युवा जोड़े के लिए आपके आशीर्वाद और सोच-समझकर दी गई सलाह के लिए धन्यवाद, मोदी जी.’

बता दें कि सचिन के बेटे अर्जुन, सानिया चंडोक से शादी करने वाले हैं, जो एक एंटरप्रेन्योर और क्वालिफाइड वेटेरिनरी टेक्नीशियन हैं. रिपोर्ट के अनुसार उनकी शादी की रस्में 3 मार्च से शुरू होगी, और 5 मार्च को एक प्राइवेट सेरेमनी होगी. इस इवेंट में सिर्फ करीबी परिवार और दोस्त ही शामिल होंगे. अर्जुन और सानिया की सगाई पिछले साल अगस्त में भी इसी तरह प्राइवेट तरीके से हुई थी, जिसमें सिर्फ करीबी रिश्तेदार और दोस्त ही मौजूद थे. सानिया चंडोक खास तौर पर मुंबई के बिजनेसमैन रवि घई की पोती हैं.

 

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई