Jamshedpur. जमशेदपुर पहुंचे राज्यपाल संतोष गंगवार, दो कार्यक्रमों में हुए शामिल, आरबीएस इंजीनियरिंग कॉलेज के इंटरनेशनल सेमिनार का किया उद्घाटन

झारखंड के महामहिम राज्यपाल संतोष गंगवार शुक्रवार को जमशेदपुर पहुंचे, जहां उन्होंने शहर में आयोजित दो अलग-अलग कार्यक्रमों में भाग लिया। सबसे पहले वे कोऑपरेटिव कॉलेज द्वारा आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए। इसके बाद उन्होंने आरबीएस इंजीनियरिंग कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय इंटरनेशनल सेमिनार का विधिवत उद्घाटन किया।
इस अंतरराष्ट्रीय सेमिनार में देश और विदेश के कई प्रतिष्ठित विद्वान, शिक्षाविद और शोधकर्ता शामिल हुए हैं। सेमिनार का उद्देश्य तकनीकी शिक्षा, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में वैश्विक अनुभवों का आदान-प्रदान करना है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महामहिम राज्यपाल ने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश के विकास की गति को नई उड़ान मिली है। भारत आत्मनिर्भर बन चुका है और आने वाले समय में विश्व के सबसे शक्तिशाली देशों में शामिल होगा।
उन्होंने झारखंड की शिक्षा व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि उच्च शिक्षा के लिए बाहर के छात्र झारखंड नहीं आते। राज्य के शैक्षणिक संस्थानों को और अधिक मजबूत और गुणवत्तापूर्ण बनाना होगा, तभी देश के अन्य राज्यों से छात्र यहां पढ़ने आएंगे।
राज्यपाल ने कहा कि झारखंड के पास संसाधनों की कोई कमी नहीं है, जरूरत है बेहतर शैक्षणिक माहौल और आधुनिक सुविधाओं के विकास की। उन्होंने शिक्षण संस्थानों से नवाचार और शोध को बढ़ावा देने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान कॉलेज प्रबंधन, शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे। राज्यपाल के आगमन से शैक्षणिक जगत में उत्साह का माहौल देखा गया।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई