Jamshedpur जमशेदपुर सहित झारखंड व बिहार में इनकम टैक्स की बड़ी छापेमारी, बाबा राइस मिल समूह पर शिकंजा

जमशेदपुर सहित झारखंड व बिहार में इनकम टैक्स की बड़ी छापेमारी, बाबा राइस मिल समूह पर शिकंज

जमशेदपुर : इनकम टैक्स विभाग की अनुसंधान शाखा ने शुक्रवार सुबह रांची, जमशेदपुर समेत झारखंड के कई जिलों और बिहार के कुछ इलाकों में एक साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए छापेमारी की। यह कार्रवाई बाबा राइस मिल समूह से जुड़े कारोबारियों के ठिकानों पर की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार करीब एक दर्जन से अधिक स्थानों पर एक साथ रेड चल रही है। जमशेदपुर के जुगसलाई नया बाजार निवासी कारोबारी संजीव अग्रवाल के आवास तथा सीएच एरिया स्थित आवास पर भी इनकम टैक्स की टीम ने छापेमारी की है। बताया जाता है कि ये लोग भालोटिया परिवार से जुड़े हुए हैं और चावल के कारोबार से संबंधित हैं।

इनकम टैक्स विभाग को सूचना मिली थी कि बाबा राइस मिल से जुड़े कारोबारियों द्वारा आय से अधिक संपत्ति अर्जित की गई है तथा आय को छुपाया गया है। इसी आधार पर यह कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी के दौरान कई महत्वपूर्ण दस्तावेज जब्त किए गए हैं और लेन-देन से जुड़े कागजातों की गहन जांच की जा रही है।

जमशेदपुर के अलावा हजारीबाग और बिहार के औरंगाबाद जिले में भी इनकम टैक्स की टीम द्वारा कार्रवाई जारी है। औरंगाबाद के महाराजगंज रोड स्थित धान कारोबारी विश्वजीत जायसवाल के आवास पर भी छापेमारी की गई है।

सूत्र बताते हैं कि बाबा राइस मिल के संचालक नितेश कुमार भी इनकम टैक्स विभाग के रडार पर हैं। विभाग की टीम आवास, कार्यालय और अन्य ठिकानों पर दस्तावेजों की जांच कर रही है।

फिलहाल इनकम टैक्स विभाग की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है, लेकिन कार्रवाई देर रात तक चलने की संभावना जताई जा रही है। पूरे मामले में आय से अधिक संपत्ति और टैक्स चोरी की जांच की जा रही है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई