वरीय पुलिस अधीक्षक का कार्यालय, पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर। प्रेस विज्ञप्ति (दिनांक 27.01.2026)
दिनांक 13.01.2026 को कैरव गाँधी, पिता देवांग गाँधी, उम्र 24 वर्ष, सा०-सी०एच० एरिया, थाना-बिष्टुपुर, जमशेदपुर का अज्ञात अपराधियों द्वारा अपहरण कर लिया गया था। इस संबंध में बिष्टुपुर थाना काण्ड सं0-05/2026, दिनांक-13.01. 2026, धारा-140 (1)/140 (2) बी०एन०एस० दर्ज किया गया है। कैरव गाँधी अपहरण कांड से संबंधित अनुसंधान के क्रम में जमशेदपुर पुलिस को विश्वसनीय सूचना प्राप्त हुई कि पुलिस द्वारा लगातार की जा रही छापेमारी के कारण अपहरणकर्ता कैरव को किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की योजना बना रहे हैं। उक्त सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों को सतर्क किया गया तथा संभावित मार्गों पर तैनात किया गया।
लगातार बढ़ते पुलिस दबाव एवं रंगे हाथ पकड़े जाने की आशंका के चलते अपहरणकर्ताओं ने जीटी रोड पर चौपारण से बरही खंड के बीच रास्ते में ही कैरव को छोड़ दिया तथा मौके से फरार हो गए। पुलिस ने तत्परता से कैरव को सकुशल बरामद किया एवं उनके परिजनों के आग्रह पर उन्हें सुरक्षित रूप से उनके आवास तक पहुंचाया।
अपहरणकर्ताओं की गिरफ्तारी हेतु लगातार छापेमारी की जा रही है। काण्ड में अनुसंधान जारी है एवं अग्रतर कार्रवाई की जानकारी यथासमय दी जाएगी।







