सुभाष मेला गूँज में संस्कृति का रंग, डांस प्रतियोगिता ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

सुभाष मेला गूँज में संस्कृति का रंग, डांस प्रतियोगिता ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

चाकुलिया: डाक बंगला परिसर में आयोजित सुभाष मेला गूँज के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया जा रहा है। मेले के दौरान नृत्य एवं विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियों की प्रस्तुतियां हुईं, जिनमें बड़ी संख्या में कलाकारों, बच्चों और महिलाओं ने भाग लिया। रंगारंग कार्यक्रमों ने दर्शकों का मन मोह लिया और पूरा परिसर तालियों की गूंज से गूंज उठा। कार्यक्रम के आयोजक बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती ने बताया कि सुभाष मेला गूँज का आयोजन 23 जनवरी से 31 जनवरी तक कुल 9 दिनों तक किया जा रहा है। इस मेले का आयोजन पिछले 21 वर्षों से होते आ रहा है उन्होंने कहा कि यह मेला हर वर्ग के लोगों को ध्यान में रखकर आयोजित किया गया है, जिसमें बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अलग-अलग कार्यक्रम शामिल हैं। उन्होंने इसे “छोटा ओलंपिक” बताते हुए कहा कि मेले में हर तरह के खेल और प्रतियोगिताएं कराई जा रही हैं।
विधायक ने बताया कि महिलाओं के लिए देश के नामी कलाकारों द्वारा नृत्य और संगीत की प्रस्तुतियां दी जा रही हैं। इसके अलावा ‘कौन बनेगा लखपति’, ‘डांस झारखंड डांस’, ड्राइंग प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण जैसे कई आकर्षक कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।
मेले में झारखंड की पारंपरिक कला और संस्कृति की झलक देखने को मिली। डांस प्रतियोगिता के अंतर्गत प्रतिभागियों ने अपनी कला का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। बच्चों द्वारा प्रस्तुत नृत्य कार्यक्रमों को दर्शकों ने खूब सराहा। डांस प्रतियोगिता के ‘लिटिल चैंप्स’ वर्ग का शुभारंभ विधायक समीर मोहंती की उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया। निर्णायक मंडल ने प्रतिभागियों के आत्मविश्वास, तालमेल और प्रस्तुति की सराहना की।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे। सुभाष मेला गूँज के इस सांस्कृतिक आयोजन से क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई