प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार जमशेदपुर पहुंचे आदित्य साहू, सरकार पर लगाए गंभीर आर
जमशेदपुर।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू अपने पदभार ग्रहण करने के बाद आज पहली बार जमशेदपुर पहुंचे। इस दौरान साकची स्थित परी सदन में आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उन्होंने झारखंड सरकार और राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर आरोप लगाए।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि राज्य भर में अपराध के आंकड़े लगातार बढ़ते जा रहे हैं। उन्होंने जमशेदपुर में विगत 11 दिनों से लापता युवा उद्यमी कैरव गांधी का जिक्र करते हुए कहा कि अब तक पुलिस उन्हें खोजने में विफल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में जिले के एसएसपी भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दे रहे हैं।
आदित्य साहू ने कहा कि राजधानी रांची और ओरमांझी में जब बच्चों के अपहरण की घटनाएं हुई थीं, तब भाजपा द्वारा पुलिस मुख्यालय का घेराव किए जाने के बाद दो दिनों के भीतर बच्चे सकुशल बरामद कर लिए गए थे। लेकिन जमशेदपुर में पुलिस का अपराधियों पर से भय समाप्त हो चुका है और यहां के एसएसपी केवल कार्यालय और आवास तक सीमित रह गए हैं।
प्रदेश अध्यक्ष ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि त्वरित कार्रवाई कर पुलिस लापता युवा उद्यमी को सकुशल बरामद नहीं करती है, तो भाजपा कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेंगे।
राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए आदित्य साहू ने कहा कि आदिवासी सरकार के शासन में आदिवासियों की जमीन लूटी जा रही है, महिलाएं असुरक्षित हैं, राज्य में कोयले की तस्करी हो रही है और कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य के कई इलाकों में बच्चे लापता हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि इन सभी मुद्दों को लेकर 27 जनवरी को भाजपा का एक प्रतिनिधिमंडल राज्य के डीजीपी से मुलाकात करेगा, वहीं 28 जनवरी को वे स्वयं केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात कर झारखंड की वर्तमान स्थिति से उन्हें अवगत कराएंगे।
सारांडा क्षेत्र को नक्सल मुक्त बनाने के लिए चलाए जा रहे अभियान पर आदित्य साहू ने कहा कि केंद्र सरकार ने मार्च माह तक देश को नक्सल मुक्त बनाने का संकल्प लिया है और उसी दिशा में यह एक सकारात्मक कदम है।






