रांची में खौफनाक डकैती: नगड़ी क्षेत्र में हथियारबंद अपराधियों ने परिवार को बर्बरता से पीटा, 13 साल का बच्चा गंभीर
रांची राजधानी रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के मनोकामना नगर में बुधवार देर रात करीब 2 बजे एक दिल दहला देने वाली डकैती की वारदात हुई। लगभग छह की संख्या में आए हथियारबंद अपराधियों ने सुमेश महतो के घर में घुसकर लूटपाट की और परिवार के तीन सदस्यों को बेरहमी से पीटा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
परिवार पर बरपाया कहर
जानकारी के अनुसार, अपराधी देर रात सुमेश महतो के घर में डकैती की नीयत से घुसे। घर में घुसते ही उन्होंने लूटपाट शुरू कर दी। जब सुमेश की पत्नी ने विरोध किया तो अपराधियों ने उस पर हमला कर दिया। बीच-बचाव करने आए सुमेश और उनके 13 वर्षीय बेटे को भी बर्बरता से पीटा गया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
गहने और नगदी लेकर फरार हुए बदमाश
अपराधियों ने घर में रखे गहने और नकदी लूट लिए और मौके से फरार हो गए। जब तक आसपास के लोग सुमेश के घर पहुंचे, अपराधी फरार हो चुके थे। पड़ोसी दिवाकर कुमार ने बताया कि “घर का सारा सामान बिखरा हुआ था, पति-पत्नी और बच्चा खून से लथपथ पड़े थे। अपराधियों ने मासूम बच्चे तक को नहीं छोड़ा।”
घायल अस्पताल में भर्ती, दो की हालत गंभीर
स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार सुमेश की पत्नी और बेटा की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। घर से कितना सामान लूटा गया, इसकी पूरी जानकारी पीड़ित परिवार के होश में आने के बाद ही मिल सकेगी।
लाठी-डंडों से लैस थे अपराधी
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अपराधी लाठी और डंडों से लैस होकर आए थे। घर के बाहर सो रहे दो मजदूरों को उन्होंने पहले ही बंधक बना लिया था ताकि कोई शोर न मचा सके।
जांच में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही नगड़ी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। डॉग स्क्वायड और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए।
ग्रामीण एसपी प्रवीण पुष्कर ने बताया कि “प्रारंभिक जांच में यह डकैती का मामला प्रतीत हो रहा है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।”






