देवघर में लापरवाही भारी, ट्रेन की टक्कर से ट्रक और बाइक चकनाचूर
देवघर : देवीपुर मुख्य सड़क पर नावाडीह रेलवे फाटक के पास अफरा-तफरी मच गई, जब गोरखपुर–आसनसोल ट्रेन की ट्रक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब जसीडीह से आसनसोल जा रही ट्रेन और देवीपुर की ओर जा रही ट्रक रेलवे फाटक पर आमने-सामने आ गई। सूत्रों के अनुसार, हादसा सुबह 9:30 बजे के करीब हुआ। घटना के समय रेलवे फाटक खुला हुआ था और ट्रक रेल लाइन पार कर रहा था। ट्रेन चालक ने दूर से ही खतरा भांपते हुए स्पीड कम की और ब्रेक लगाना शुरू किया, लेकिन ट्रेन पूरी तरह रुकने से पहले ही इंजन ट्रक से टकरा गया।
हादसे में बाइक सवार घायल
टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर खड़ी दो मोटरसाइकिलों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सड़क और रेल मार्ग हुए बाधित
घटना के बाद सड़क और रेल मार्ग दोनों पर आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेल पुलिस मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर परिचालन बहाल करने का प्रयास किया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाने का काम जारी है। सूत्रों के अनुसार, इस हादसे में गेटमैन की लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और रेलवे प्रशासन मामले की जांच में जुट गए हैं।






