बिरसानगर में हथियार के साथ वारदात की फिराक में UP का बदमाश गिरफ्तार, देशी कट्टा और जिंदा गोली बरामद
जमशेदपुर : जमशेदपुर के बिरसानगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश के एक शातिर बदमाश को हथियार के साथ धर दबोचा है। आरोपी किसी बड़ी आपराधिक वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा था।
मिली जानकारी के अनुसार, 14 जनवरी की रात करीब 10 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति हुरलुंग की ओर आपराधिक मंशा से घूम रहा है। सूचना के आधार पर बिरसानगर थाना में सनहा दर्ज कर वरीय पदाधिकारियों को अवगत कराया गया।
वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में पुलिस उपाधीक्षक (नगर) की अगुवाई में विशेष छापामारी टीम गठित की गई। टीम ने हुरलुंग क्षेत्र में घेराबंदी कर संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में उसकी पहचान अजय सिंह उर्फ अजय बाल्मिकी उर्फ मोटा (उम्र करीब 29 वर्ष) के रूप में हुई। आरोपी उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिला अंतर्गत मंडावली थाना क्षेत्र के मिरगीपुर गोपालपुर का निवासी है।
तलाशी के दौरान आरोपी की कमर से एक देशी कट्टा, दो जिंदा गोली और एक मोबाइल फोन बरामद किया गया। कड़ाई से पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह पहले सरायकेला के एक होटल में काम करता था और इसी दौरान लूट व डकैती की घटनाओं में शामिल रहा। आरोपी ने 10 नवंबर 2025 को परसुडीह थाना क्षेत्र के जोन नंबर-11 स्थित विश्वकर्मा इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड कार्यालय में हथियार के बल पर लूट की वारदात में अपनी संलिप्तता भी कबूल की है।
पुलिस के अनुसार आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ पहले भी आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज हैं। इस कार्रवाई में बिरसानगर थाना के सशस्त्र बल की अहम भूमिका रही। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।






