रांची की 10 प्रमुख सड़कों के लिए बनी डेडिकेटेड रोड मैनेजमेंट टीम
रांची : राजधानी रांची की सूरत और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में नगर प्रशासन ने एक अहम और नई पहल की है। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और प्रशासक के निर्देश पर रांची नगर निगम क्षेत्र की 10 सबसे महत्वपूर्ण और अधिक यातायात वाली सड़कों को सुव्यवस्थित, स्वच्छ, सुरक्षित और अतिक्रमण-मुक्त बनाने का निर्णय लिया गया है। इसके लिए डेडिकेटेड रोड मैनेजमेंट टीम यानी DRMT का गठन किया गया है।
अब तक शहर की सड़कों से जुड़े काम अलग-अलग विभाग अपने स्तर पर करते थे, लेकिन किसी एक सड़क के लिए एक जवाबदेह टीम नहीं थी। इसी कमी को दूर करने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है, ताकि हर सड़क की साफ-सफाई, मरम्मत, रोशनी, जल निकासी और अतिक्रमण नियंत्रण की जिम्मेदारी तय हो सके।
हर सड़क के लिए अलग टीम, एक नोडल अधिकारी
इस योजना के तहत 10 प्रमुख सड़कों के लिए 10 अलग-अलग रोड मैनेजमेंट टीमें बनाई गई हैं। प्रत्येक सड़क के लिए एक सहायक अभियंता को नोडल पदाधिकारी नियुक्त किया गया है, जो उस सड़क से जुड़े सभी कार्यों के लिए जिम्मेदार होंगे। उनके नेतृत्व में स्वच्छता, उद्यान, अतिक्रमण नियंत्रण, जलापूर्ति, भवन शाखा, खाद्य सुरक्षा, विज्ञापन, सार्वजनिक शौचालय और फील्ड स्टाफ के अधिकारी और कर्मी शामिल रहेंगे।
सभी 10 सड़कों की स्थिति और कार्यों की समीक्षा हर सप्ताह की जाएगी, ताकि समस्याओं का समय पर समाधान हो सके और कार्यों की गुणवत्ता बनी रहे।
प्रथम चरण में शामिल 10 प्रमुख सड़कें
पहले चरण में शहर की जिन 10 अति महत्वपूर्ण सड़कों को चुना गया है, उनमें कचहरी चौक से राजेन्द्र चौक, राजेन्द्र चौक से बिरसा चौक, कचहरी चौक से पिस्का मोड़, रातू रोड चौक से अरगोड़ा चौक, रातू रोड चौक से कांके हॉस्पिटल रोड, कचहरी चौक से डंगरा टोली चौक, कचहरी चौक से बूटी मोड़, करमटोली चौक से मोरहाबादी, राजभवन, रांची विश्वविद्यालय होते हुए पुनः करमटोली चौक, सरजना चौक से कांटा टोली होते हुए लोवाडीह चौक और अलबर्ट एक्का चौक से लालपुर होते हुए कोकर चौक तक की सड़कें शामिल हैं।
सड़क से जुड़ी हर समस्या पर रहेगी नजर
डेडिकेटेड रोड मैनेजमेंट टीम सड़क की सतह, फुटपाथ और डिवाइडर की नियमित जांच करेगी। गड्ढों, दरारों और टूट-फूट की समय पर मरम्मत होगी। बारिश के बाद विशेष निरीक्षण किया जाएगा। जलजमाव की समस्या दूर करने के लिए नालियों की नियमित सफाई और मैनहोल ढक्कनों की मरम्मत की जाएगी।
पेयजल पाइपलाइन में लीकेज की पहचान कर तुरंत सुधार किया जाएगा और सड़क कटिंग के बाद सही तरीके से मरम्मत सुनिश्चित होगी। पैदल यात्रियों के लिए समतल और बाधा-मुक्त फुटपाथ, दिव्यांग अनुकूल रैंप, जेब्रा क्रॉसिंग और सुरक्षित पैदल क्रॉसिंग पर भी ध्यान दिया जाएगा।
अतिक्रमण, होर्डिंग और अव्यवस्था पर सख्ती
फुटपाथ और सड़क किनारे से अतिक्रमण हटाने के साथ दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए लगातार निगरानी की जाएगी। अवैध होर्डिंग, बैनर और पोस्टर हटाकर सड़कों को होर्डिंग-फ्री बनाया जाएगा। फूड स्टॉल और ठेलों की जांच कर लाइसेंस, स्वच्छता और फूड सेफ्टी के नियमों का पालन कराया जाएगा।
स्वच्छता, हरियाली और सुरक्षा पर फोकस
सड़कों पर रोजाना मैनुअल और मशीन से सफाई होगी और दिन में कम से कम दो बार कचरा उठाया जाएगा। डिवाइडर और सड़क किनारे पौधारोपण, सिंचाई और रख-रखाव किया जाएगा। खराब स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, रोड मार्किंग और साइन बोर्ड दुरुस्त किए जाएंगे। डिजिटल निगरानी के तहत फोटो और वीडियो आधारित रिपोर्ट तैयार की जाएगी।
नागरिकों को मिलेगा सीधा लाभ
इस व्यवस्था से रांचीवासियों को साफ और सुरक्षित सड़कें, बेहतर यातायात, पैदल चलने में सुविधा, जलजमाव और अतिक्रमण से राहत तथा शिकायतों का तेजी से समाधान मिलेगा। प्रशासन का मानना है कि हर सड़क के लिए एक टीम और तय जवाबदेही से शहर की सड़कों की स्थिति में साफ सुधार आएगा।
प्रशासक का संदेश
प्रशासक ने कहा कि रांची केवल कार्यस्थल नहीं, बल्कि हम सभी का अपना शहर है। सड़कों की स्थिति सीधे नागरिकों के जीवन को प्रभावित करती है। DRMT के माध्यम से सड़कों को केवल बनाना नहीं, बल्कि रोज संभालना, साफ रखना और सुरक्षित बनाना लक्ष्य है। प्रशासन और नागरिकों की साझी भागीदारी से रांची को स्वच्छ, सुंदर और अनुशासित शहर के रूप में विकसित किया जाएगा।






