सोमा मुंडा के हत्यारे की गिरफ्तारी अब तक नहीं हो सकी है. इससे आदिवासी नेताओं में खासा नाराजगी है.

रांची :खूंटी सदर प्रखंड के हुटार स्थित जियारप्पा में सोमवार को एदेल संगा पड़हा राजा स्वर्गीय सोमा मुंडा की स्मृति में विशाल श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया. इस मौके पर हजारों की संख्या में ग्रामीणों, समाज के प्रतिनिधियों और विभिन्न संगठनों के नेताओं ने पहुंचकर अपने प्रिय नेता को श्रद्धांजलि अर्पित की
पूर्व निर्धारित पड़हा मैदान में सुबह करीब 11 बजे से ही लोगों का जुटान शुरू हो गया था. कुछ ही देर में जवान, बुजुर्ग, महिलाएं और बच्चे बड़ी संख्या में एकत्र हो गए. पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से आयोजित इस सभा की शुरुआत पत्थलगढ़ी कर गाड़े गए स्मारक के पारंपरिक पूजन से हुई. इसके बाद स्व. सोमा मुंडा के चित्र पर उनके परिजनों सहित उपस्थित लोगों ने माल्यार्पण और पुष्पांजलि अर्पित की.
सभा में पड़हा समाज के विभिन्न क्षेत्रों से आए राजा और समाज के प्रमुख नेताओं ने अपने विचार साझा किए. महादेव मुंडा, कमल सांगा, प्रेम सांगा, मंगल सिंह मुंडा, सनिका भेंगरा सहित अन्य पड़हा राजाओं ने स्व. सोमा मुंडा के साथ जुड़े अनुभवों को साझा करते हुए उन्हें समाज के लिए प्रेरणास्रोत बताया. वक्ताओं ने कहा कि स्व. सोमा मुंडा निर्भय, संघर्षशील और आदिवासी समाज के हक-अधिकारों के लिए हमेशा अग्रिम पंक्ति में खड़े रहे. शिक्षा, रोजगार, जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए उनका संघर्ष हमेशा याद किया जाएगा.

इस दौरान दो मिनट का मौन रखकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की गई. सभा में विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और आदिवासी समाज के गणमान्य लोग भी मौजूद थे. मौके पर झारखंड पार्टी के जिला महासचिव योगेश वर्मा, अबुआ झारखंड पार्टी के अध्यक्ष रिदन होरो, पौलूस नाग, मार्शल बारला समेत कई नेता उपस्थित रहे. श्रद्धांजलि सभा के माध्यम से आदिवासी समन्वय समिति ने स्व. सोमा मुंडा के हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रशासन को कड़ा संदेश दिया.

Leave a Comment