*किसानों की समृद्धि, महिला स्वावलंबन और पर्यटन विकास की दिशा में उपायुक्त कीर्तिश्री के निरंतर प्रयास ।*
*कालेश्वरी पर्वत स्थित मंदिर का औचक निरीक्षण, मूलभूत सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण के दिए निर्देश ।।*
*धार्मिक आस्था और पर्यटन विकास का संगम बनेगा कालेश्वरी पर्वत, मूलभूत सुविधाओं पर फोकस ।।*
*चतरा(संजीत मिश्रा)*। जिले के समग्र विकास को लेकर उपायुक्त कीर्तिश्री जी निरंतर सक्रिय और जमीनी स्तर पर कार्य कर रही हैं। किसानों को आत्मनिर्भर बनाने, महिलाओं को स्वावलंबन की ओर अग्रसर करने तथा जिले के पर्यटन स्थलों को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से वे लगातार क्षेत्र का भ्रमण कर रही हैं। कड़ी धूप हो या बारिश, जिले के विकास कार्यों की निगरानी में कोई कमी नहीं छोड़ी जा रही है। इसी क्रम में उपायुक्त श्रीमती कीर्तिश्री ने शुक्रवार को हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत हिंदू, बौद्ध एवं जैन धर्मों के संगम स्थल के रूप में प्रसिद्ध, लगभग 1575 फीट की ऊँचाई पर स्थित कालेश्वरी पर्वत पर अवस्थित मंदिर का पैदल पहाड़ चढ़कर औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय नागरिकों एवं मंदिर के पुजारियों से संवाद कर स्थल से जुड़ी समस्याओं की विस्तार से जानकारी ली।
स्थानीय लोगों ने पेयजल, पार्किंग, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, शौचालय एवं संपर्क सड़क जैसी मूलभूत सुविधाओं की कमी की ओर उपायुक्त का ध्यान आकृष्ट कराया। इस पर उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कालेश्वरी पर्वत स्थित तालाब की नियमित सफाई, निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के आदेश दिए। निरीक्षण के दौरान पर्वत पर चढ़ने वाली सीढ़ियों के चौड़ीकरण एवं मरम्मती कार्य पर भी चर्चा की गई। पुजारियों ने बताया कि वर्षा ऋतु के समय श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को आवागमन और ठहराव में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। इस पर उपायुक्त ने पर्यटकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए कॉटेज निर्माण कराने का निर्देश दिया।
इसके साथ ही उपायुक्त ने विद्युत व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल एवं अन्य आवश्यक अधोसंरचनात्मक सुविधाओं से जुड़े सभी लंबित कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश संबंधित विभागों को दिया, ताकि कालेश्वरी पर्वत को एक सुव्यवस्थित एवं आकर्षक पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके। इस अवसर पर अपर समाहर्ता अरविंद कुमार, जिला नियोजन पदाधिकारी मन्नू कुमार, जिला खेल पदाधिकारी कैलाश राम, प्रखंड विकास पदाधिकारी गौरव निखिल कच्छप , अंचल अधिकारी ऋतिक कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।






