*आदित्यपुर-गम्हरिया रेलखंड पर फिर सनसनी — सिर कटा अर्धनग्न शव मिलने से इलाके में दहशत
*सरायकेला*-खरसावां, जिले के आदित्यपुर से शुक्रवार को एक भयावह घटना सामने आई है। आदित्यपुर स्टेशन से गम्हरिया जंक्शन की ओर जाने वाली रेल लाइन पर पोल संख्या 258/22-24 के पास एक अज्ञात युवक का सिर कटा अर्धनग्न शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे स्थानीय लोगों ने रेल लाइन पर शव देखा और तत्काल इसकी सूचना आदित्यपुर थाना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी इंस्पेक्टर विनोद तिर्की पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। फिलहाल मृतक की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस इस घटना को लेकर दो संभावनाओं — रेल हादसा या फिर साजिशन हत्या — दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
गौरतलब है कि बीते दो दिनों के भीतर आदित्यपुर-गम्हरिया रेलखंड पर दो युवकों और एक युवती के शव बरामद हो चुके हैं। लगातार मिल रहे शवों से इलाके में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार हो रही ऐसी घटनाएं महज संयोग नहीं, बल्कि किसी संगठित आपराधिक गतिविधि की ओर इशारा करती हैं। वहीं पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और आसपास के क्षेत्रों से लापता लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।







