मनरेगा का नाम बदलना राष्ट्रपिता का अपमान, इसके खिलाफ आंदोलन करेगा इंडी गठबंधन : केशव महतो कमलेश

मनरेगा का नाम बदलना राष्ट्रपिता का अपमान, इसके खिलाफ आंदोलन करेगा इंडी गठबंधन : केशव महतो कमलेश
जमशेदपुर।
केंद्र सरकार द्वारा देशभर में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम से जुड़ी महत्वाकांक्षी योजना मनरेगा का नाम बदलने को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष केशव महतो कमलेश ने इसे राष्ट्रपिता के सम्मान को धूमिल करने का प्रयास बताते हुए केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला।
जमशेदपुर में आयोजित एक वार्ता के दौरान पत्रकारों से बातचीत में केशव महतो कमलेश ने कहा कि मनरेगा योजना के माध्यम से देश के प्रत्येक राज्य में मजदूरों को 100 दिनों के रोजगार की कानूनी गारंटी मिलती थी। यह योजना गरीब, मजदूर और ग्रामीण अर्थव्यवस्था के लिए जीवनरेखा साबित हुई है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा में अब तक लगभग 90 प्रतिशत फंड केंद्र सरकार द्वारा दिया जाता था, लेकिन हालिया बदलावों के कारण योजना की मूल भावना को कमजोर किया जा रहा है। इसका सीधा असर मजदूरों के रोजगार और उनकी आजीविका पर पड़ेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि मनरेगा का नाम बदलना केवल प्रशासनिक फैसला नहीं, बल्कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की विचारधारा और उनके योगदान को कमजोर करने की साजिश है। इसे कांग्रेस और इंडी गठबंधन किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं करेगा।
केशव महतो कमलेश ने ऐलान किया कि आने वाले दिनों में इंडी गठबंधन इस मुद्दे को लेकर राज्यपाल से मुलाकात करेगा और साथ ही राज्यव्यापी आंदोलन भी छेड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार पर दबाव बनाया जाएगा ताकि योजना का नाम पुनः मनरेगा रखा जाए और मजदूरों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित हो सके।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई