*चाईबासा में भीषण सड़क हादसा : तीन युवकों की मौत, एक गंभीर लकड़ी से लदे खड़े ट्रैक्टर से टकराई बाइक, चालक फरार
*चाईबासा:* जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत आचु गांव में देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा उस समय हुआ जब तेज रफ्तार और अनियंत्रित बाइक सड़क किनारे खड़े लकड़ी से लदे ट्रैक्टर से टकरा गई।
मिली जानकारी के अनुसार, चार युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जड़ी-बूटी की दवा बनवाने चीरु हाट गए थे। लौटते समय आचु गांव के पास मोड़ पर उनकी बाइक खड़े ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सभी युवक सड़क पर गिर पड़े।
ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को तत्काल सदर अस्पताल चाईबासा पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद तीन युवकों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक की हालत गंभीर बनी हुई है। उसे निगरानी में रखा गया है।
चालक फरार, पुलिस जांच में जुटी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर सड़क किनारे बिना किसी चेतावनी संकेत के खड़ा था।
सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और ट्रैक्टर मालिक व चालक की तलाश की जा रही है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सड़क किनारे भारी वाहन बिना सुरक्षा संकेतों के न खड़ा करें, ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।





