नेशनल हेराल्ड मामला: कांग्रेस-भाजपा आमने-सामने, जमशेदपुर में सियासी टकराव
नेशनल हेराल्ड से जुड़े यंग इंडियन मामले में कांग्रेस नेतृत्व को अदालत से बड़ी राहत मिलने के बावजूद कांग्रेस का केंद्र सरकार और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है। इसी क्रम में गुरुवार को जमशेदपुर में जिला कांग्रेस और जिला भाजपा आमने-सामने आ गईं।
कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा जिला कार्यालय की ओर मार्च कर रहे थे, जिसे देखते हुए जिला प्रशासन ने भाजपा कार्यालय से लगभग 200 मीटर पहले ही बैरिकेडिंग कर दी। बैरिकेडिंग के कारण कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोक दिया गया, जिसके बाद वे करीब एक घंटे तक सड़क पर ही जमे रहे।
वहीं कांग्रेसियों को रोकने के विरोध में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता हाथों में पार्टी का झंडा और कुछ के हाथों में लाठी-डंडे लेकर सड़कों पर उतर आए। बैरिकेडिंग के उस पार भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस के प्रदर्शन का विरोध करते नजर आए।
मौके पर दोनों ही दलों के जिला अध्यक्षों ने एक-दूसरे पर जमकर आरोप-प्रत्यारोप लगाए। स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए प्रशासन और पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। हालांकि किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है।





