जमशेदपुर को जाम से राहत: स्वर्णरेखा नदी पर नए पुल का शिलान्या
जमशेदपुर शहर को जाम मुक्त करने की दिशा में एक अहम पहल की गई है। इसके तहत जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र में स्वर्णरेखा नदी पर एक नए पुल का निर्माण किया जाएगा, जो सीधे राष्ट्रीय राजमार्ग–33 (एनएच-33) को जोड़ेगा। इस पुल के निर्माण से पूर्वी क्षेत्र की औद्योगिक कंपनियों में आने-जाने वाले भारी वाहनों को शहर में प्रवेश किए बिना सीधे बाहर निकलने का मार्ग मिलेगा, जिससे यातायात जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी।
यह प्रस्तावित पुल भुइयाँडीह स्थित बारा घाट पर बनाया जाएगा। लगभग 4 किलोमीटर लंबी इस परियोजना में फोरलेन सड़क का निर्माण भी शामिल है। पुल निर्माण पर 49 करोड़ रुपये की लागत आएगी और इसे 18 महीनों में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
गुरुवार को क्षेत्र की विधायक पूर्णिमा दास साहू ने इस महत्वाकांक्षी परियोजना का विधिवत शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पुल निर्माण का कार्य बिना किसी घर को क्षति पहुँचाए पूरा किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि परियोजना के पूर्ण होने के बाद जमशेदपुर पूर्वी क्षेत्र काफी हद तक जाम मुक्त हो जाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले क्षेत्र के पूर्व विधायक सरयू राय द्वारा भी इस पुल का शिलान्यास किया गया था, लेकिन कुछ कारणों से उस समय निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका था।





