ऑपरेशन प्रहार: सिदगोड़ा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 43 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

ऑपरेशन प्रहार: सिदगोड़ा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 43 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ दो तस्कर गिरफ्ता

 

जमशेदपुर: सिदगोड़ा थाना क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बारीडीह वर्कर्स फ्लैट के पास गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर पुलिस ने दो युवकों को 43 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों को सोमवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

 

जानकारी के मुताबिक, 14 दिसंबर की रात करीब 10.30 बजे पुलिस को सूचना मिली थी कि कुछ युवक इलाके में ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना मिलते ही सिटी एसपी के निर्देश पर डीएसपी हेडक्वार्टर-1, पूर्वी सिंहभूम के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। पुलिस वाहन को देखते ही दो युवक मोटरसाइकिल छोड़कर भागने लगे, लेकिन घेराबंदी कर दोनों को दबोच लिया गया।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान टिंकु लाल साहु उर्फ टिंकू लाल (25) और संतोष बागती उर्फ तेल (19) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान टिंकु लाल के पास से 23 पुड़िया ब्राउन शुगर, जबकि संतोष बागती के पास से 20 पुड़िया ब्राउन शुगर, एक मोबाइल फोन और बैंक ऑफ बड़ौदा का एटीएम कार्ड बरामद किया गया। कुल मिलाकर 4.86 ग्राम वजन की 43 पुड़िया ब्राउन शुगर जब्त की गई है।

 

मौके से एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई, जिसके बारे में पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि यह 30 नवंबर को बजरंग चौक से चोरी की गई थी। इस संबंध में सिदगोड़ा थाना में पूर्व से मामला दर्ज है। आरोपी बरामद मादक पदार्थ और वाहन से जुड़े कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सके।

 

डीएसपी ने बताया कि मुख्य आरोपी टिंकु लाल साहु का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पहले भी एनडीपीएस एक्ट और चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। इस मामले में सिदगोड़ा थाना में बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।

Leave a Comment