पूर्वी सिंहभूम। जिले के पोटका थाना क्षेत्र अंतर्गत हाता में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई।
नेताजी सुभाष पब्लिक स्कूल की तेज रफ्तार बस की चपेट में आने से 45 वर्षीय परिमहल गोप की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक जुड़ी गांव का निवासी बताया गया है। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया और आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर दिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल बस तेज गति से हाता की ओर जा रही थी। इसी दौरान सड़क पार कर रहे परिमहल गोप को बस ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।
लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। स्कूल बस के चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जांच के बाद दोषी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






