*सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान IED विस्फोट, कोबरा बटालियन का जवान घायल*

*सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान IED विस्फोट, कोबरा बटालियन का जवान घायल

 

*पश्चिमी सिंहभूम* जिले के सारंडा जंगल में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान एक बार फिर आईईडी विस्फोट की घटना सामने आई है। इस हादसे में कोबरा 209 बटालियन का एक जवान गंभीर रूप से घायल हो गया है। घटना के बाद इलाके में सुरक्षा बलों की सतर्कता और बढ़ा दी गई है।

 

सूत्रों के अनुसार, यह विस्फोट बलिबा गांव के पास हुआ। रविवार को छोटानागरा थाना क्षेत्र के बलिबा जंगल में कोबरा 209 बटालियन के जवान सघन सर्च ऑपरेशन चला रहे थे। इसी दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया।

 

इस घटना में कोबरा 209 बटालियन के जवान अलख दास गंभीर रूप से घायल हो गए। हालांकि जवान की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। विस्फोट के तुरंत बाद मौके पर मौजूद जवानों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए घायल साथी को प्राथमिक उपचार दिया।

 

घटना की जानकारी मिलते ही सुरक्षा बलों और प्रशासनिक अधिकारियों में हलचल मच गई। घायल जवान को बेहतर इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर रांची भेजने की तैयारी की जा रही है, ताकि उन्हें समय पर उच्च स्तरीय चिकित्सा सहायता मिल सके।

 

फिलहाल इलाके में सुरक्षा बलों ने सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है और आसपास के क्षेत्रों में नक्सलियों की तलाश की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां इस घटना को नक्सलियों की बौखलाहट के रूप में देख रही हैं, क्योंकि पिछले कुछ दिनों से सारंडा क्षेत्र में लगातार नक्सल विरोधी अभियान चलाया जा रहा है।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई