टाटानगर स्टेशन मेन गेट के पास सीएनजी टेंपो में लगी आग, दो धमाकों से मचा हड़कंप
जमशेदपुर। टाटानगर रेलवे स्टेशन के मेन गेट के पास मंगलवार सुबह एक सीएनजी टेंपो में अचानक आग लग गई, जिसके बाद दो जोरदार धमाके हुए। धमाकों की आवाज दूर तक सुनाई देने से क्षेत्र में अफरातफरी मच गई और लोग दहशत में इधर-उधर भागने लगे। कुछ देर के लिए आवागमन भी बाधित हो गया।
सूत्रों के अनुसार टेंपो कीताडीह निवासी चालक पवन राय चला रहा था। वह स्टेशन से यात्रियों को लेकर आगे बढ़ ही रहा था कि राहगीरों ने वाहन के नीचे से चिंगारी निकलते हुए देखी और चालक को आगाह किया। चेतावनी के कुछ ही क्षण बाद टेंपो से धुआँ उठने लगा और आग भड़क गई।
आग लगते ही चालक और यात्री तुरंत वाहन से उतरकर सुरक्षित स्थान की ओर भाग निकले, जिससे एक बड़ी दुर्घटना टल गई। देखते ही देखते टेंपो आग की लपटों में घिर गया और दो तेज ब्लास्ट भी हुए।
घटना की सूचना मिलते ही पीसीआर वैन, आरपीएफ और जीआरपी की टीम मौके पर पहुँची। वहीं दमकल विभाग की एक गाड़ी ने आग पर काबू पाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका। राहत की बात यह है कि हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस और दमकल विभाग आग लगने के कारणों की जाँच में जुट गए हैं।




