जमशेदपुर ब्रेकिंग टाटानगर स्टेशन के बाहर खड़ी कार में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टला

जमशेदपुर ब्रेकिंग टाटानगर स्टेशन के बाहर खड़ी कार में लगी भीषण आग, बड़ा हादसा टल

जमशेदपुर:टाटानगर रेलवे स्टेशन के मुख्य द्वार के बाहर शनिवार सुबह अचानक खड़ी एक कार में आग लग गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। घटना सुबह करीब 9 बजे की है। होंडा जैज़ (जेएच 05 बीएन 5846) कार देखते-ही-देखते आग की लपटों में घिर गई। उस समय स्टेशन परिसर यात्रियों से भरा हुआ था, जिसके चलते मुख्य सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित हुआ।

 

कार गम्हरिया निवासी श्रीनिवास नायक की बताई जा रही है। वे अपनी पत्नी के साथ बेटे को दुरंतो एक्सप्रेस में बैठाने स्टेशन पहुंचे थे। परिवार के प्लेटफॉर्म की ओर जाने के बाद लौटने पर पता चला कि कार पूरी तरह आग की चपेट में आ चुकी है। सौभाग्य से कार के अंदर उस समय कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।

 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पहले कार के नीचे से धुआं उठता दिखा और तुरंत ही आग भड़क गई। सूचना मिलते ही आरपीएफ, जीआरपी और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंच गईं। दमकल विभाग की एक टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया, जबकि जेसीबी की मदद से कार के जलते हिस्सों को हटाया गया। करीब आधे घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।

 

पुलिस के मुताबिक प्राथमिक जांच में तकनीकी खराबी की आशंका है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। घटनास्थल पर भीड़ जुटने से पुलिस को सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करनी पड़ी। समय रहते आग को बुझा दिए जाने से किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई, लेकिन घटना से यात्रियों में दहशत का माहौल बन गया।

Leave a Comment