घाटशिला उपचुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न, 14 नवंबर को होगी मतगणना
घाटशिला :
घाटशिला उपचुनाव मंगलवार को कुल मिलाकर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। केवल चित्रफुट क्षेत्र में एक मामूली घटना को छोड़कर मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हुई। शाम 5:00 बजे मतदान समाप्त होते ही 13 प्रत्याशियों के भाग्य इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) में कैद हो गए।
अब 14 नवंबर की सुबह से मतगणना शुरू होगी। जैसे-जैसे दिन चढ़ेगा, वैसे-वैसे प्रत्याशियों के भाग्य का पिटारा खुलता जाएगा और परिणामों की स्थिति स्पष्ट होती जाएगी।
इधर, पूरे चुनाव के दौरान बहरागोड़ा और घाटशिला थाना प्रभारी की भूमिका संदिग्ध बताई जा रही है। इस मामले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकारी अध्यक्ष आदित्य साहू ने मुख्य चुनाव आयोग से शिकायत दर्ज कराई है।
वहीं, कई आंगनबाड़ी सेविकाओं पर प्रशासन या सरकार के दबाव में काम करने के आरोप लगे। कुछ सेविकाएं रंगे हाथ पकड़ी गईं, जिन्हें बूथ से बाहर कर दिया गया।
शाम 5:00 बजे मतदान समाप्त होते ही सभी मतदान केंद्रों के गेट बंद कर सीलिंग की प्रक्रिया शुरू की गई। देर रात तक सभी ईवीएम को सुरक्षा के बीच कोऑपरेटिव कॉलेज, जमशेदपुर भेज दिया जाएगा। वहां स्ट्रॉन्ग रूम में इन्हें सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में रखा जाएगा।
मतगणना 14 नवंबर की सुबह प्रारंभ होगी, जिसके साथ ही घाटशिला की सियासत का नया अध्याय खुलने लगेगा।




