पोटका विधायक संजीव सरदार बोले — “भूमिज समाज को मान-सम्मान और अधिकार सिर्फ झामुमो ही दे सकती है”

पोटका विधायक संजीव सरदार बोले — “भूमिज समाज को मान-सम्मान और अधिकार सिर्फ झामुमो ही दे सकती है”

गालूडीह में भूमिज-मुंडा समाज का विशाल सम्मेलन, तीन हजार से अधिक लोग जुटे, झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन को जिताने की अपील

गालूडीह (घाटशिला) : घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के गालूडीह के समीप भूमिज-मुंडा समाज का एक दिवसीय विशाल सम्मेलन आयोजित किया गया। इस सम्मेलन में घाटशिला, मुसाबनी, धालभूमगढ़ एवं गुड़ाबांधा प्रखंड से तीन हजार से अधिक भूमिज-मुंडा समाज के लोग शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पोटका के विधायक संजिव सरदार उपस्थित रहे।

सम्मेलन में घाटशिला क्षेत्र के समाजिक कार्यकर्ताओं और बुद्धिजीवियों ने समाज की एकता, अधिकार और विकास पर अपने विचार रखे। मौके पर मुख्य अतिथि विधायक संजीव सरदार ने कहा कि “हमें भूमिज समाज को एकजुट करना होगा। झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और असम सहित कई राज्यों में हमारे समाज के लोग फैले हैं, लेकिन एकजुटता की कमी के कारण हम एक-दूसरे से जुड़ नहीं पा रहे हैं। अब समय है कि हम संगठित होकर समाज की दिशा तय करें।”

विधायक श्री सरदार ने कहा कि शिक्षा मंत्री स्व. रामदास सोरेन के असामयिक निधन के बाद घाटशिला में उपचुनाव हो रहा है, जो समाज की एकता की परीक्षा है। उन्होंने कहा कि “विगत चुनाव में झामुमो ने पोटका से मुझे टिकट देकर भूमिज समाज को मान-सम्मान दिया, जिसके परिणामस्वरूप आज मैं पूरे देश में भूमिज समाज से आने वाला एकमात्र वर्तमान विधायक हूँ। यह गर्व की बात है।”

झामुमो ने भूमिज समाज को हमेशा मान-सम्मान दिया : संजीव सरदार

उन्होंने झामुमो सरकार के कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार पेसा कानून को सख्ती से लागू करने के लिए काम कर रही है, जिससे हमारी पारंपरिक व्यवस्था जीवित रह सके और समाज को सामाजिक मजबूती मिल सके। उन्होंने कहा कि “भूमिज समाज को मान-सम्मान और अधिकार दिलाने का कार्य झामुमो ही कर सकती है। इसलिए सभी से अपील है कि घाटशिला से झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन को एकजुट होकर जिताएं।”

विधायक ने बताया कि उन्होंने पिछले कुछ सप्ताहों में विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न भूमिज गांवों और टोलों का दौरा किया है, जहां समाज के लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं रखीं। उन्होंने कहा कि “चुनाव के बाद समाजिक विकास को लेकर विशेष बैठक कर ठोस निर्णय लिए जाएंगे।”

घाटशिला उपचुनाव में पूरा भूमिज समाज झामुमो और सोमेश सोरेन के साथ

इस अवसर पर आदिवासी भूमिज समाज के अध्यक्ष सुनील सिंह सरदार ने कहा कि “विधायक संजीव सरदार हमारे समाज का गौरव हैं। उन्होंने हर स्तर पर समाज की आवाज बुलंद की है। इसलिए घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में हमारा समाज झामुमो प्रत्याशी सोमेश सोरेन के साथ खड़ा रहेगा।”

कार्यक्रम में मुख्य रूप से प्रीतम सिंह, झंटू सिंह, कालीराम सिंह भूमिज, शुभंकर सिंह भूमिज, तुषार कांत सरदार, प्रदीप सिंह, कार्तिक सिंह, सुकुमार सिंह, अमर सिंह सरदार, सुनील सरदार, बलराम सिंह, सुनाराम सिंह समेत हजारों की संख्या में समाज के गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई