राँची। झारखण्ड, नवंबर माह के शुरुआती दिनों में ही सर्दी अपना रंग दिखाने लगी है। उत्तरी हवा की वजह से न्यूनतम तापमान में कमी देखी जा रही है।
पिछले 20 घंटों के दौरान सिमडेगा के बानो में सबसे कम 13.9 डिग्री सेल्सियस न्यूनतम तापमाप रिकॉर्ड हुआ है। झारखण्ड के ज्यादातर जिलों के न्यूनतम तापमान में -1.6 से -3.0 डिग्री सेल्सियस की कमी आई है। इसकी वजह से दिन में भी सर्दी का एहसास हो रहा है। सूर्योदय से पहले और सूर्यास्त के बाद गर्म कपड़ों की जरुरत महसूस होने लगी है।
पिछले 24 घंटों के दौरान राँची का न्यूनतम पारा 15.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ है। मौसम केंद्र राँची के मुताबिक आने वाले दिनों में सर्दी का सितम बढ़ने वाला है। एक अनुमान के मुताबिक 7 नवंबर से 13 नवंबर वाले सप्ताह में न्यूनतम तापमान 10 से 17 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है, जबकि 14 नवंबर से 20 नवंबर वाले सप्ताह के बीच न्यूनतम तापमान के 7 से 16 डिग्री सेल्सियस तक जाने की उम्मीद है।
मौसम केंद्र का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक मौसम साफ रहेगा। सुबह के वक्त कोहरा या धुंध रहेगा लेकिन बाद में आसमान बिल्कुल साफ और शुष्क रहेगा।





