डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल, चांडिल में दर्दनाक हादसा
चांडिल : नीमडीह थाना क्षेत्र के पारगामा पंचायत अंतर्गत चुनचुरिया गांव के जामडीह टोला में गुरुवार सुबह करीब 11 बजे भयावह सड़क हादसा हो गया। डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान पूर्वी सिंहभूम जिले के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित बेलडीह गांव के निवासी धनंजय दास के रूप में हुई है।
धनंजय अपनी पत्नी को लेने के लिए कुकड़ू की ओर जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि तालाब के पास बने घुमावदार मोड़ पर कुकड़ू दिशा से आ रहे एक खाली डंपर ने सामने से आ रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि धनंजय दास ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया।
उधर, धनंजय की पत्नी अपने दो बच्चों के साथ कुकड़ू में उनके आने का इंतजार कर रही थी। मोबाइल पर हादसे की खबर मिलते ही वह परिजनों के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पति का शव देखकर वह बच्चों के साथ फूट-फूटकर रोने लगी। मौके पर मौजूद लोग भी इस मार्मिक दृश्य को देखकर भावुक हो उठे।
सूचना पर नीमडीह थाना प्रभारी संतन कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ घटना स्थल पहुंचे। उन्होंने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार डंपर का नंबर मिल गया है और वाहन विवरण परिवहन विभाग से मंगाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि मृतक के आश्रितों को व्हीकल एक्ट के तहत मुआवजा दिलाने के लिए प्रशासन प्रयास करेगा। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है।




