घाटशिला विधानसभा में झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के समर्थन में पोटका विधायक संजीव सरदार का जनसंपर्क अभियान तेज़
कहा — स्वर्गीय मंत्री रामदास सोरेन के अधूरे सपनों को पूरा करेंगे सोमेश
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर जनसंपर्क अभियान ज़ोर पकड़ चुका है। इसी क्रम में रविवार को झामुमो के स्टार प्रचारक पोटका विधानसभा के विधायक संजीव सरदार ने झामुमो प्रत्याशी सोमेश चंद्र सोरेन के पक्ष में सुदूर महातम,
चतरडांगा और बड़ाजोड़ी पंचायत के पुरानापानी गाँव सहित आसपास के कई इलाकों में जनसंपर्क अभियान चलाया।
इस दौरान विधायक संजीव सरदार ने ग्रामीणों से अपील की कि वे झामुमो के पक्ष में अधिक से अधिक मतदान कर झारखंड की ‘अबुआ सरकार’ को और सशक्त बनाएं। उन्होंने कहा कि राज्य के विकास और जनहित के कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए झामुमो प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाना ज़रूरी है।
“पिता के अधूरे सपनों को पूरा करेंगे सोमेश चंद्र सोरेन” — संजीव सरदार
अपने संबोधन में विधायक संजीव सरदार ने कहा कि स्वर्गीय मंत्री रामदास सोरेन जी ने अपने जीवन का हर क्षण जनता की सेवा और क्षेत्र के विकास को समर्पित किया। उनके अधूरे कार्यों और सपनों को उनके सुपुत्र सोमेश चंद्र सोरेन आगे बढ़ाकर पूरा करेंगे। उन्होंने कहा कि सोमेश चंद्र सोरेन के भीतर अपने पिता की ही तरह जनसेवा का वही जज़्बा और निष्ठा है।
इस मौके पर झामुमो के कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




