पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने परिवार संग की गोवर्धन पूजा
गाय माता की आराधना से मांगी सुख-शांति और समृद्धि की कामना
जमशेदपुर :आज पूरे शहर में गोवर्धन पूजा श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई जा रही है। इसी क्रम में झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने भी अपने पूरे परिवार के साथ विधि-विधान से गोवर्धन पूजा की।
इस अवसर पर उनके साथ उनकी पत्नी रुक्मणि देवी, पुत्र ललित दास, पुत्रवधू सह जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा दास साहू सहित परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने पारंपरिक तरीके से गोवर्धन बनाकर, गाय माता की पूजा-अर्चना की और भगवान श्रीकृष्ण की आराधना की।
रघुवर दास ने कहा कि “सनातन धर्म में गाय को माता का दर्जा दिया गया है। गोवर्धन पूजा के दिन गाय माता की पूजा करने से भगवान श्रीकृष्ण की भी कृपा प्राप्त होती है। इससे घर में सुख, शांति और समृद्धि आती है।”
वहीं, विधायक पूर्णिमा दास साहू ने कहा कि “गोवर्धन पूजा का उद्देश्य परिवार में शांति और एकता बनाए रखना है। इस दिन गाय माता के साथ घर के बड़ों का आशीर्वाद लेना शुभ माना जाता है। उनकी कृपा से परिवार में खुशहाली आती है।”
पूरे शहर में आज दिनभर गोवर्धन पूजा, गाय माता की आरती और प्रसाद वितरण का माहौल देखने को मिला।






