सोमेश सोरेन ने भरा नामांकन, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की मौजूदगी में दिखी गठबंधन की ताकत
17 अक्टूबर 2025
राँची: घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के प्रत्याशी सोमेश सोरेन ने शुक्रवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश भी मौजूद रहे, जिससे यह कार्यक्रम राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में तब्दील हो गया। मुख्यमंत्री और कांग्रेस अध्यक्ष की मौजूदगी में झामुमो और महागठबंधन के नेताओं ने एकजुटता का संदेश देने की कोशिश की। नामांकन जुलूस में समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी, जिसने पूरे क्षेत्र को चुनावी माहौल से भर दिया।
भावुक हुए सोमेश सोरेन, याद किए पिता रामदास सोरेन
नामांकन के बाद घाटशिला के सर्कस मैदान में एक जनसभा आयोजित की गई, जिसमें मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और अन्य नेताओं ने भाग लिया। सभा को संबोधित करते हुए सोमेश सोरेन ने दिवंगत पिता और पूर्व शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि वे अपने पिता के अधूरे कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि रामदास सोरेन ने घाटशिला की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया था, अब उनके बेटे सोमेश को क्षेत्र की सेवा का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने लोगों से सोमेश सोरेन के पक्ष में मतदान करने की अपील की और सरकार की योजनाओं व विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि गठबंधन सरकार गांव, गरीब और आदिवासियों के हित में काम कर रही है।
11नवंबर को मतदान, 14 को नतीजे
गौरतलब है कि घाटशिला सीट दिवंगत मंत्री रामदास सोरेन के निधन के कारण खाली हुई थी, जिस पर अब उपचुनाव कराया जा रहा है। मतदान 11 नवंबर को होगा, जबकि चुनाव परिणाम 14 नवंबर को घोषित किए जाएंगे।






