लायंस क्लब जोन चेयरपर्सन भरत सिंह के द्वारा हुआ “मेंटल हेल्थ अवेयरनेस रथ” का शुभारंभ
जमशेदपुर, 12 अक्टूबर: लायंस क्लब ऑफ जमशेदपुर भारत द्वारा आज “मेंटल हेल्थ अवेयरनेस प्रोग्राम” के अंतर्गत मेंटल हेल्थ जागरूकता रथ को भरत सिंह जी के साकची स्थित कार्यालय से अशोक खंडेवाल, विनीता शाह, शशि गाड़िया, भरत सिंह, सारिका सिंह और अंजुला सिंह ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जमशेदपुर के साकची, बिस्टुपुर, मानगो, सोनारी, कदमा, जुगसलाई, गोलमुरी आदि क्षेत्रों में भ्रमण कर लाउडस्पीकर के माध्यम से लोगों को मानसिक स्वास्थ्य के महत्व और तनाव प्रबंधन के उपायों से अवगत कराएगा।
रीजन चेयरपर्सन पी.एम.जे.एफ. लायन अशोक खंडेवाल ने कहा कि आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में मानसिक शांति और स्थिरता बनाए रखना एक चुनौती है। ऐसे अभियानों से समाज में सकारात्मक सोच और समझ विकसित होती है।
मेंटल हेल्थ कोऑर्डिनेटर श्रीमती विनीता शाह ने बताया कि इस अभियान का उद्देश्य है कि लोग मानसिक स्वास्थ्य को लेकर झिझकें नहीं और जरूरत पड़ने पर खुलकर परामर्श लें।
जोन चेयरपर्सन श्रीमती शशि गाड़िया ने कहा कि लायंस क्लब सदैव सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में अग्रणी रहा है और यह पहल उसी श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है।
इस अवसर पर लायंस क्लब के जोन सी के जोन चेयरपर्सन एम.जे.एफ. लायन भरत सिंह ने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य आज के समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन चुकी है। जिस प्रकार हम शारीरिक स्वास्थ्य का ध्यान रखते हैं, उसी प्रकार मस्तिष्क और मन की सेहत पर भी ध्यान देना जरूरी है।
डिस्ट्रिक्ट चेयरपर्सन (महिला सशक्तिकरण) श्रीमती सारिका सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाओं को अक्सर मानसिक तनाव और सामाजिक दबावों का सामना करना पड़ता है, इसलिए यह जरूरी है कि उन्हें मानसिक स्वास्थ्य के बारे में जागरूक किया जाए और आत्मबल बढ़ाया जाए।
क्लब प्रेसिडेंट श्रीमती अंजुला सिंह ने कहा कि लायंस क्लब भारत समाज के हर वर्ग में जागरूकता लाने के लिए प्रतिबद्ध है। यह रथ अभियान लोगों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति सोच और व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाएगा।
इस अवसर पर राजेश सिंह, राजू गोराई, राहुल सिंह, ज्योति सिंह, सुधीर पांडे, बी.पी. सिंह समेत कई लायंस सदस्य एवं गणमान्य लोग उपस्थित थे।





