Dhanbad : एफसीआई साइडिंग में ट्रांसपोर्टर और ट्रक ड्राइवरों के बीच हिंसक झड़प

Dhanbad धनबाद : धनसार थाना क्षेत्र के बरमसिया एफसीआई साइडिंग में गुरुवार को एक ट्रांसपोर्टर और ट्रक चालकों के बीच हुई बातचीत हिंसक हो गई। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई, जिसमें गोलियां भी चलीं। बरमसिया निवासी श्रवण यादव के दाहिने हाथ और पैर में गोली लगी। इसके बाद अफरा-तफरी मच गई। श्रवण यादव को एसएनएमएमसीएच ले जाया गया। मारपीट में दूसरे पक्ष के ट्रांसपोर्टर कुणाल सिंह समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। इन्हें जोड़ा फाटक स्थित पाटलिपुत्र अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूचना मिलने पर धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामला शांत कराया।

जांच के दौरान पुलिस ने एसयूवी जेएच 10बीए 6100 से एक पिस्टल, 14 गोलियां और दो मैगजीन बरामद की। सूचना मिलने पर आरपीएफ भी पहुंची। इस बीच, विरोध में लोगों ने ट्रक खड़ा कर बरमसिया रोड को घंटों जाम कर दिया। साइडिंग से अनाज का उठाव कर बरवाअड्डा स्थित पीजी गोदाम भेजा जा रहा था। तौल कांटा होने के बाद जितना माल पीजी तक पहुंचना चाहिए था, उतना पीजी तक नहीं पहुंच रहा था। ट्रांसपोर्टर ने ड्राइवरों को बार-बार यह बात समझाई। गुरुवार को मालभाड़ा वृद्धि और अनाज लदान में कमी को लेकर ट्रांसपोर्टरों और ड्राइवरों के बीच बैठक हुई। ट्रांसपोर्टर कुणाल सिंह कई लोगों के साथ साइडिंग पहुंचे

दर्जनों ट्रक चालक और अन्य लोग पहले से मौजूद थे। बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों में लाठी-डंडे चले। जमकर मारपीट हुई। पिस्टल से गोलियां भी चलीं। श्रवण यादव को गोली लगी और कुणाल सिंह के सिर में चोट आई। कुणाल के साथी उदय प्रताप और करण भी घायल हो गए। श्रवण को शाम में बोकारो रेफर कर दिया गया, जबकि कुणाल सिंह, उदय प्रताप और करण का पुलिस हिरासत में जोड़ा फाटक स्थित पाटलिपुत्र नर्सिंग होम में इलाज चल रहा है।

घायल श्रवण कुमार यादव ने पुलिस में अपना बयान दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि वह बरमसिया गोदाम से अपने ट्रक पर चावल लोड करते हैं। गुरुवार को ट्रांसपोर्टर संजय सिंह ने ट्रक का भाड़ा बढ़ाने पर चर्चा के लिए सभी ट्रक चालकों व मालिकों को गोदाम में बुलाया था। बैठक में संजय सिंह, उनके चाचा श्याम मोहन, संजय सिंह के दोनों बेटे कुणाल सिंह व शैलेश सिंह आए थे। बैठक में संजय सिंह भाड़ा नहीं बढ़ाना चाहते थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। कुणाल सिंह ने फोन पर कुछ लोगों को बुलाया, जो काले रंग की स्कॉर्पियो से आए थे। सभी हथियार से लैस थे। गाड़ी से उतरते ही उन्होंने फायरिंग शुरू कर दी। इसी दौरान कुणाल सिंह व शैलेश सिंह ने हथियार लेकर उस पर फायरिंग कर दी। इससे उसके हाथ व पैर में गोली लग गई।

Leave a Comment

सबसे ज्यादा पड़ गई